Bihar Chunav 2025: सोशल मीडिया पर छिड़ी 20 साल के शासन की जंग, ‘जंगलराज बनाम सुशासन’ की बहस ने पकड़ा नया मोड़
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजते ही इंटरनेट मीडिया पर सियासी हलचल चरम पर है। जहां पहले राजनीतिक बहसें चौपालों, नुक्कड़ों और गांवों के चौक पर होती थीं, अब वही बहसें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड बनकर सामने आ रही हैं। 'जंगलराज बनाम सुशासन', '20 साल का हिसाब', और 'घोटालों की फेहरिस्त' जैसे हैशटैग बिहार की राजनीतिक हवा का रुख तय कर रहे हैं।
20 साल का शासन और सवालों की लंबी कतार
सोशल मीडिया यूजर्स अब केवल दर्शक नहीं रहे, बल्कि सत्ता के मूल्यांकनकर्ता बन चुके हैं। एक ओर एनडीए समर्थक लोग पिछले दो दशकों में आई स्थिरता, सड़क निर्माण, बिजली, शिक्षा और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दों को उपलब्धि के रूप में पेश कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विपक्षी समर्थक कहते हैं कि यह विकास सतही है।

रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। बालिका गृह कांड, सृजन घोटाला, शिक्षक नियुक्ति घोटाला, पेपर लीक जैसे मामले बार-बार पोस्टों में उठाए जा रहे हैं। यूजर्स कह रहे हैं कि "20 साल के शासन का हिसाब अब जनता मांगेगी, सिर्फ नारों से बात नहीं बनेगी।"
फिर चर्चा में 'जंगलराज' के पुराने किस्से
इसके जवाब में सत्ताधारी दल के समर्थक और एनडीए से जुड़े यूजर्स पुराने दौर की यादें ताजा कर रहे हैं। वे 1990 के दशक के अपराध, तेजाब कांड, नरसंहार, अपहरण उद्योग और शहाबुद्दीन-अनंत सिंह जैसे बाहुबलियों के दौर को "काला समय" बताते हैं।
एक यूजर डॉ. सुजीत ने लिखा कि "सिवान के चंदा बाबू को भूल गए? रंगदारी से मना करने पर दो बेटों को तेजाब से नहलाकर मारा गया था। आज इतना तो है कि लोग अपराध के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं।" इस पोस्ट पर अजीत कुमार नामक यूजर ने पलटवार किया, "बिहार को जंगलराज में ढकेलने वाले अनंत सिंह ही आज एनडीए की प्रिय हैं, जो ए.के.-47 रखने के मामले में जेल से हाल ही में बाहर आए हैं।" इस एक बहस में ही बिहार की पूरी राजनीति का स्वर झलकता है। जहां हर आरोप का जवाब दूसरे आरोप से दिया जा रहा है, और मतदाता इनके बीच सच्चाई खोजने में लगे हैं।
महिला सुरक्षा पर गरमाई बहस
महिला सुरक्षा का मुद्दा भी सोशल मीडिया पर बेहद संवेदनशील बन गया है। प्रिया वर्मा नामक यूजर ने लिखा कि "जिनके घर में बहू-बेटियां हैं, वो जंगलराज कभी वापस नहीं लाना चाहेंगे।" उनके इस बयान पर विपक्षी यूजर्स ने पलटवार किया। "20 साल से सुशासन का दावा करने वाली सरकार को याद दिला दें, कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड इसी शासन में हुआ था।"
निखिल तिवारी ने लिखा कि "चंपा विश्वास की चीखें आज भी कानों में गूंजती हैं। उस दौर में बेटियों की इज्जत राजनीति की सौदेबाजी में नीलाम होती थी।" इन पोस्टों के बीच गुरु प्रसाद यादव ने सवाल उठाया कि "महिला अपराध में नंबर-1 राज्य तो यूपी है, वहां किसका शासन है?" यानी बिहार की महिला सुरक्षा पर चर्चा भी अब सियासी हथियार बन चुकी है।
सोशल मीडिया: नई पीढ़ी का राजनीतिक अखाड़ा
पहले चुनावी रणनीति पोस्टर, पर्चे और प्रचार रथों पर निर्भर थी। अब 2025 का चुनाव डिजिटल वॉरफेयर में तब्दील हो चुका है। ट्विटर (एक्स) थ्रेड, फेसबुक लाइव और यूट्यूब शॉर्ट्स नए युग की 'जनसभा' बन गए हैं। "कसम भारत की" नामक अकाउंट ने लिखा कि"बिहार के जंगलराज और फिर मंगलराज पर एक फिल्म बननी चाहिए ताकि नई पीढ़ी जाने कि उस दौर में होता क्या था।"
इसी तरह भरत जोशी ने तंज कसते हुए लिखा कि "दो महीने बाद बिहार आ रहा हूं, गुड़ का गोबर करने।" इन व्यंग्यों में मतदाता की निराशा और व्यंग्य दोनों झलकते हैं। जहां जनता अब वादों से नहीं, ठोस जवाबों से संतुष्ट होना चाहती है।
मतदान पर डिजिटल बहस का असर
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार का चुनाव अब दो मोर्चों पर लड़ा जाएगा कि एक, जमीनी स्तर पर संगठन और जातीय समीकरणों के सहारे, दूसरा, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जनता की धारणा के सहारे। आज के दौर में हर ट्वीट और पोस्ट, किसी न किसी वर्ग के मतदाताओं को प्रभावित करता है।
'जंगलराज बनाम सुशासन' की यह बहस भले ही पुरानी हो, लेकिन सोशल मीडिया ने इसे नया जीवन दे दिया है। एनडीए जहां विकास, स्थिरता और अपराध पर नियंत्रण की बात कर रहा है, वहीं महागठबंधन और जन सुराज जैसे दल "परिवर्तन" और "जवाबदेही" की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं।
डिजिटल बिहार का सियासी संग्राम
बिहार का यह चुनाव अब सिर्फ सड़कों पर नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन पर भी लड़ा जा रहा है। यहां मतदाता सिर्फ सुन नहीं रहा, बल्कि बोल भी रहा है और यही बोलना अब नेताओं के लिए सबसे बड़ा चुनौती बन गया है। 20 वर्षों के शासन, घोटालों, अपराध और विकास की बहस अब ऑनलाइन स्पेस में तैर रही है।
हर टिप्पणी, हर पोस्ट और हर वीडियो बिहार के राजनीतिक भविष्य को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। बिहार की सियासत इस बार शायद पहली बार इतनी डिजिटल, तीखी और बहुस्तरीय हो गई है। जहां जनता ही पत्रकार है, आलोचक भी और निर्णायक भी।












Click it and Unblock the Notifications