'चोर विधायक नहीं चाहिए', लालू-राबड़ी के घर में घुसे नाराज लोग, जमकर किया हंगामा, RJD की बढ़ी सिददर्दी
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग जल्द करने वाला है। इससे पहले राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी आरजेडी की सिरदर्दी बढ़ गई है। शनिवार को बड़ी संख्या में खुदमपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग पटना आकर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के घर के घर में जुट गए और जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
बिहार के खुदमपुर विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी विधायक सतीश कुमार के खिलाफ ये सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने विधायक सतीश कुमार को दोबारा टिकट न दिए जाने की मांग करते हुए जमकर बवाल काटा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरजेडी विधायक सतीश कुमार के कार्यकाल में खुदमपुर क्षेत्र में विकास कार्य नहीं करवाए गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विधायक ने जनता की समस्याओं की अनदेखी की और अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से नहीं निभाया, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सतीश कुमार को टिकट न देने की पुरजोर मांग की।
आरजेडी विधायक पर जताया गुस्सा
प्रदर्शनकारियों ने पार्टी से अपील की कि वह किसी ऐसे व्यक्ति को टिकट दे जो वास्तव में क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए काम करे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा विधायक सतीश कुमार ने कोई भी काम नहीं किया है। स्थानीय लोगों ने गुहार लगाई कि आरजेडी को जनता की आवाज सुनकर एक नए उम्मीदवार को मौका देना चाहिए।
'चोर विधायक नहीं चाहिए'
प्रदर्शनकारियों ने लालू और राबड़ी के आवास पर जमकर हंगामा करते हुए "चोर विधायक नहीं चाहिए" और "सतीश कुमार को हराना है" नारे लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरजेडी ने सतीश कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया, तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे और उनके खिलाफ आंदोलन छेड़ेंगे।
घर में घुस गए लोग
इस प्रदर्शन का जो वीडियो सामने आया है उसमें नजर आ रहा है कि बड़ी संख्या में लोग लालू-राबड़ी यादव के घर के प्रांगण में घुसकर प्रदर्शन कर रहे है। इस अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से लालू और राबड़ी के आवास पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटाने की कोशिश की, लेकिन नारेबाजी और हंगामा कुछ देर तक जारी रहा। सुरक्षाकर्मियों द्वारा हटाए जाने के बावजूद लोग अड़े रहे और जोर-जोर से नारे लगाते रहे।
आरजेडी की बढ़ी मुश्किल
यह विरोध प्रदर्शन आरजेडी के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है, खासकर यदि पार्टी सतीश कुमार को दोबारा टिकट देने का फैसला करती है। खदुमपुर विधायक सतीश कुमार के खिलाफ हुआ यह विरोध प्रदर्शन पार्टी की टिकट वितरण प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े करता है। यदि आरजडी इस विरोध को नजरअंदाज करती है, तो उसे आगामी चुनावों में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications