Bihar Elections 2025: बिहार चुनाव के लिए NDA में कब होगा सीटों का बंटवारा? चिराग पासवान ने कर दिया खुलासा
Bihar Elections and NDA Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव छठ पूजा के बाद होने की संभावना है। छठ पूजा 28 अक्टूबर को है, और चुनाव 5 से 15 नवंबर के बीच होने की संभावना है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त होगा। चुनाव आयोग को इस तारीख से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खुलासा कर दिया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA में शामिल पार्टियों के बीच कब सीटों के बंटवारे का ऐलान होगा।
बता दें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अगले सप्ताह चुनाव-ग्रस्त बिहार का दौरा करेंगे। वे यहां चुनाव की तैयारियों और अंतिम मतदाता सूची की समीक्षा करेंगे, जो 30 सितंबर को प्रकाशित होगी। इस जानकारी के बाद ही चिराग पासवान ने एनडीए सीट शेयरिंग को लेकर बयान दिया है।

NDA में कब होगा सीटों का बंटवारा?
चिराग पासवान ने बताया कि बिहार में आगामी चुनावों के लिए एनडीए में सीट-बंटवारा नवरात्रि के दौरान अंतिम रूप ले लेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। पासवान ने यह टिप्पणी पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की, जहां उन्होंने महागठबंधन और एनडीए दोनों की चुनावी रणनीतियों पर अपनी राय रखी।
चिराग पासवान ने सीट शेयरिंग पर बोल दी बड़ी बात
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि सीट बंटवारे पर बातचीत अब शुरू होगी। उन्होंने नवरात्रि के शुभ दिनों का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि सभी चर्चाएं सकारात्मक होंगी और उनकी पार्टी को सम्मानजनक स्थिति मिलेगी।
चिराग पासवान ने आरजेडी और कांग्रेस को दी है ये चुनौती
चिराग पासवान ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को अकेले चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस पर कम सीटें जीतने का ठीकरा फोड़ा गया था। पासवान ने दावा किया कि इन पार्टियों में अकेले लड़ने की हिम्मत नहीं है, जबकि उन्होंने 2020 में अकेले चुनाव लड़ने का साहस दिखाया था।
विपक्षी नेता तेजस्वी यादव के 243 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान को भी इस दबाव की राजनीति से जोड़ा। पासवान ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की बिहार यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से तेजस्वी के नाम पर कभी सहमति नहीं बनी। पासवान ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की 24 सितंबर को पटना में होने वाली बैठक पर भी टिप्पणी करते हुए कहा CWC बैठक वर्चस्व की लड़ाई और कौन भारी है, यह दिखाने का प्रयास है। यह कहीं न कहीं "दबाव की राजनीति" का हिस्सा है।"












Click it and Unblock the Notifications