Bihar Election Result 2020: NDA की जीत में महिला वोटरों की रही बड़ी भूमिका, आखिरी चरण में पलटी बाजी
Bihar Election Result 2020: नीतीश और भाजपा की जीत में महिला वोटरों की बड़ी भूमिका, आंकड़े दे रहे गवाही
नई दिल्ली। बिहार में हुए विधानसभा चुनावों में एनडीए (भाजपा, जदयू, वीआआईपी, हम) ने जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाले इस गठबंधन को 243 में से 125 सीटें मिली हैं। जो बहुमत के आंकड़े (122) से तीन ज्यादा हैं। कई राजीनीतिक विशेषज्ञ और कई सर्वे इस चुनाव में बिहार में एनडीए के खिलाफ हवा होने की बात कह रहे थे लेकिन एनडीए ने सभी को चौंकाते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। नीतीश कुमार और सहयोगी भाजपा की इस जीत में एक अहम फैक्टर महिला वोटरों का उनके पक्ष में जाना माना जा रहा है। राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन से कड़े मुकाबले में एनडीए आगे निकलने में कामयाब रहा, तो उसकी वजह महिला मतदाता हैं। इसके पक्ष में कुछ आंकड़े हम आपको बचा रहे हैं।

आखिरी चरण में महिलाएं वोट देने ज्यादा निकलीं
बिहार में इस चुनाव में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने वोट दिया है। महिलाओं का वोट प्रतिशत इस चुनावमें 59.9 फीसदी रहा है। वहीं 54.7 फीसदी पुरुषों ने वोट डाला। बिहार में पहले चरण में 54.4 फीसदी महिलाओं ने वोट डाला लेकिन अगले दो चरण में ये काफी बढ़ गया। दूसरे चरण में 58.8 फीसदी महिलाओं ने और तीसरे चरण में 65.5 फीसदी महिलाओं ने वोट डाला। महिलाओं के ज्यादा संख्या में वोट डालने को निकलने का फायदा एनडीए को हुआ है। दूसरे और तीसरे चरण जिन सीटों पर वोटिंग हुई है, उनमें एनडीए को बढ़त मिली है। राजनीतिक विशेषज्ञ मान रहे हैं कि महिलाओं से ज्यादा संख्या में निकलने का सीधा फायदा एनडीए को हुआ। अगर आखिरी चरण में महिलाएं इतनी संख्या में ना निकलती तो बहुत मुमकिन है कि नतीजे राजद कांग्रेस के पक्ष में भी हो सकते थे।

बिहार में महिलाओं का एनडीए की तरफ झुकाव क्यों?
बिहार में माना जाता है कि महिलाओं का वोट डालने के लिए झुकाव नीतीश कुमार और एनडीए की ओर है। इसकी एक बड़ी वजह नीतीश कुमार की शराबबंदी को माना जाता है। वहीं दहेज को लेकर नीतीश सरकार की सख्ती भी उनकी महिलाओं में लोकप्रियता की वजह बताई जाती है। इसके अलावा छात्राओं को साइकिल देने की योजना और जीविका दीदी स्कीम भी लोकप्रिय है। ये भी कहा गया कि दूसरी सरकार आई तो शराबबंदी वापस ली जा सकती है, जिसको लेकर भी महिलाएं नीतीश के पक्ष में दिखीं।
Recommended Video

केंद्र की योजनाओं से भी मिला लाभ
केंद्र सरकार की मुफ्त अनाज और उज्ज्वला गैस योजना के चलते भी महिलाओं के एनडीए के पक्ष में गईं। इसके अलावा केंद्र की शौचालयों का निर्माण और आर्थिक मदद जैसी योजनाओं से भी फायदा हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रैलियों में लगातार इन स्कीम का जिक्र किया था। बता दें बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर में तीन चरण में चुनाव हुआ था। पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को, दूसरे चरण में 3 नवंबर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को वोट डाले गए। इसके बाद 10 नवंबर को नतीजों का ऐलान किया गया। नतीजों में एनडीए के दल भाजपा को 74, जनता दल यू को 43, वीआईपी को चार, हम को चार सीटों पर जीत मिली है। एनडीए की कुल 125 सीटों पर जीत हुई। महागठबंघधन ने 110 सीटें जीती हैं। राष्ट्रीय जनता दल को 75 सीटों पर जीत मिली है। राजद की सहयोगी कांग्रेस ने 19 सीटें जीती हैं। वामदलों ने भी कांग्रेस और राजद के साथ चुनाव लड़ा है। भाकपा माले को 12 सीटों पर जीत मिली है। सीपीआई और सीपीएम दो-दो सीटें जीतने में कामयाब रही हैं। एआईएमआईएम को पांच, बहुजन समाज पार्टी को एक, लोक जनशक्ति पार्टी को एक और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती है।












Click it and Unblock the Notifications