Bihar Chunav: नामांकन से ठीक पहले जन सुराज प्रत्याशी 'लापता', पार्टी को किडनैपिंग' का शक
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पटना जिले की दानापुर विधानसभा सीट पर एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है। प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार उर्फ मुटुर (Akhilesh Kumar alias Mutur) नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि (17 अक्टूबर) पर अचानक गायब हो गए।
नामांकन के लिए उत्सव हॉल में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा फूलों से सजी गाड़ियां और झंडे-पट्टे तैयार थे। कार्यकर्ता घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन प्रत्याशी नहीं पहुंचे। शुरू में पता चला कि वह मंदिर गए हैं, लेकिन कुछ देर बाद उनका फोन बंद हो गया। दोपहर होते-होते यह सूचना सामने आई कि अखिलेश कुमार लापता हो गए हैं, जिससे चुनावी माहौल में सनसनी फैल गई।

पार्टी ने जताई अपहरण की आशंका
प्रत्याशी के समय पर न पहुंचने के कारण दानापुर सीट से जन सुराज पार्टी अपना नामांकन नहीं भर पाई। इस घटना की सूचना मिलते ही पार्टी आला कमान ने एक संदेश जारी किया, जिसमें अखिलेश कुमार के अगवा किए जाने (Kidnapping) की गंभीर आशंका जताई गई है।
ये भी पढ़ें: Bihar Richest Candidate: बिहार का सबसे अमीर उम्मीदवार कौन और कितनी है संपत्ति? तेजस्वी-तेजप्रताप भी रह गए पीछे
पुलिस पर मामला नहीं दर्ज करने का आरोप
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पुलिस ने अखिलेश कुमार की गुमशुदगी या अगवा होने की रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। खबर लिखे जाने तक प्रत्याशी का कोई पता नहीं चला है, जिससे कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। यह घटना तब हुई है जब यह सीट पहले चरण के मतदान के लिए तैयार है, जहाँ आरजेडी से बाहुबली रीतलाल यादव और बीजेपी से रामकृपाल यादव जैसे दिग्गज आमने-सामने हैं।
प्रशांत किशोर की पार्टी के लिए बड़ा झटका
बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरी जन सुराज पार्टी, जो सभी 243 सीटों पर अकेले लड़ने की घोषणा कर चुकी है, उसके लिए यह एक बड़ा झटका है। भले ही प्रशांत किशोर खुद चुनाव नहीं लड़ रहे, लेकिन नामांकन के अंतिम दिन उनके एक उम्मीदवार का इस तरह अचानक गायब हो जाना न केवल पार्टी की चुनावी रणनीति पर, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने अब मामले की जाँच शुरू कर दी है, और पार्टी कार्यकर्ता उनकी सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढे़ं: Bihar chunav: महागठबंधन में भूचाल, 10 सीटों पर RJD-कांग्रेस-VIP ने एक दूसरे के खिलाफ उतारा उम्मीदवार












Click it and Unblock the Notifications