बिहार चुनाव: बीजेपी की पहली लिस्ट जारी, 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान
नई दिल्ली: बिहार चुनाव के ऐलान के बाद से ही राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच मंगलवार को बीजेपी और जेडीयू ने सीट बंटवारे का फॉर्मूला तैयार कर लिया। जिसके मुताबिक जेडीयू 122 और बीजेपी 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सीटों की संख्या तय होने के कुछ ही घंटे बाद बीजेपी ने 27 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। उम्मीद है कि जल्द ही जेडीयू की भी लिस्ट आ जाएगी।

बीजेपी ने शूटर श्रेयसी सिंह को जमुई से टिकट दिया है। हाल ही में श्रेयसी ने बीजेपी ज्वाइन कर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। वहीं भभुआ से रिंकी रानी पांडे को टिकट मिला है। रिंकी बीजेपी विधायक आनंद भूषण पांडे की पत्नी हैं। पिछले साल विधायक आनंद का निधन हो गया था। इसके अलावा बीजेपी ने कहलगांव से पवन कुमार यादव, बांका से रामनारायण मंडल, मुंगेर से प्रणव यादव, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, बाढ़ से ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, काराकाट से राजेश्वर राज पर दांव लगाया है।
Bharatiya Janata Party releases the first list of 27 candidates for #BiharElections2020 pic.twitter.com/vxmymAEd8d
— ANI (@ANI) October 6, 2020
वहीं दूसरी ओर मंगलवार शाम को ही सीएम नीतीश कुमार और सुशील मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें सीट बंटवारे के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान बीजेपी ने साफ कर दिया था कि परिणाम चाहे जो हों एनडीए की ओर से नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। सुशील मोदी के मुताबिक जेडीयू अपने कोटे से जीतन राम मांझी की पार्टी को 7 सीटें देगी, तो वहीं बीजेपी मुकेश सहनी को अपने खाते से सीट देगी। सहनी हाल ही में महागठबंधन से अलग हुए हैं।
8 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख
बिहार विधानसभा के पहले चरण में 16 जिलों की 71 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। मंगलवार को बीजेपी ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें वही विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जहां पर पहले चरण में चुनाव होने हैं। बुधवार तक बीजेपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications