Bihar Election 2025: 'तेजस्वी को मेरा सम्मान करना चाहिए', तेजप्रताप बोले-आगे बढ़ना है, जलने वाले जलते रहें
Bihar Election 2025: लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव बिहार विधासभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) को लेकर मैदान पर पूरी तरह से एक्टिव नजर आ रहे हैं। वो अपने भाई तेजस्वी को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में बिल्कुल भी नहीं है और आए दिन उनको लेकर कई तरह की बातें करते रहते हैं।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कई संवेदनशील और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी, जिसमें भाई तेजस्वी यादव, पार्टी राजनीति, और देश की मौजूदा सियासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण बयान शामिल थे।

तेजस्वी को बड़े भाई का सम्मान करना चाहिए
मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप ने कहा कि "तेजस्वी छोटे भाई हैं, उन्हें बड़े भाई का सम्मान करना चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि समझना चाहिए कि कौन राम है और कौन लक्ष्मण। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अपनी मर्यादा समझना और अपनी बुद्धि-विवेक का सही इस्तेमाल करना ज़रूरी है। तेजप्रताप ने इशारा किया कि हो सकता है कि "जयचंद लोग ये सब नहीं बता रहे हों।"
सीटों के बंटवारे पर क्या कहा?
तेजप्रताप यादव से उनके 2020 के पार्टी रजिस्ट्रेशन और तेजस्वी के बयान के बारे में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, "जो जलने वाले हैं, जलते रहे, मुझे तो आगे बढ़ना है। हमें जनता से जुड़ना है।" उन्होंने साफ किया कि उनका ध्यान संगठन और जनता के बीच सीधे संपर्क बनाने पर है।
चुनाव में जनशक्ति जनता दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर तेजप्रताप ने कहा कि "दशहरे के बाद इस बारे में विस्तार से बताएंगे।" यह बयान आगामी चुनाव की तैयारियों और गठबंधन रणनीति की ओर संकेत करता है।
राहुल गांधी पर भी कसा तंज
वहीं राहुल गांधी के विदेश दौरे पर तेजप्रताप ने तंज कसा। उन्होंने कहा, "उन्हें लग रहा होगा कि घूमने से अच्छा होगा। भला ही होगा सबका, इसलिए वह घूम रहे हैं।" उनके इस बयान से स्पष्ट हुआ कि वे विपक्षी नेताओं की गतिविधियों पर खुलकर प्रतिक्रिया देते हैं।
'आई लव मोहम्मद' विवाद पर क्या कहा?
तेजप्रताप ने 'आई लव मोहम्मद' विवाद पर कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक मुद्दों पर विवाद नहीं होना चाहिए। तेजप्रताप ने मौजूदा सरकार पर भी सवाल उठाया और कहा, "सोचिए, समाज यह देख रहा है कि वर्तमान सरकार किस दिशा में देश को ले जा रही है। मोहम्मद का सम्मान होना चाहिए तो 'आई लव मोहम्मद' पर गिरफ्तारी हो रही है।"
कौन है राजनीति का रावण
तेजप्रताप ने सियासत के रावण को लेकर कहा कि "रावण असुर होता है, जो लोगों के दिमाग में बसा रहता है।" इस बीच जदयू, बीजेपी और राजद के बीच पोस्टर वॉर भी छिड़ा हुआ है। उन्होंने इस विषय पर कहा कि राजनीति में रावण का प्रतीक और विरोधी विचारधारा की पहचान होती है। तेजप्रताप यादव के बयान साफ तौर पर बिहार की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठन के भीतर उनके दृष्टिकोण को उजागर करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications