Bihar Election 2025: ‘छठ बनाम हैलोवीन’ पर संग्राम! मोदी-शाह का लालू परिवार पर हमला, प्रियंका गांधी ने कसा तंज
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) का माहौल अब पूरी तरह सांस्कृतिक और धार्मिक रंग ले चुका है। सोमवार, 3 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महागठबंधन (आरजेडी, कांग्रेस और अन्य दलों) पर हिंदू आस्था के त्योहारों के "अपमान" का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।
बीजेपी ने लालू प्रसाद यादव के परिवार द्वारा मनाए गए "हैलोवीन" उत्सव को निशाने पर लेते हुए इसे भारतीय परंपराओं के खिलाफ बताया। अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी वार करते हुए कहा कि उन्होंने "छठी मइया का अपमान" किया है। वहीं, पीएम मोदी ने विपक्ष पर "राम मंदिर का विरोध" और "घुसपैठियों को बचाने" का आरोप लगाया।

लालू परिवार का 'हैलोवीन सेलिब्रेशन'
राजनीतिक विवाद की शुरुआत तब हुई जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें उनका परिवार हैलोवीन मना रहा था। यह वीडियो उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने साझा किया था, जिसमें लालू यादव अपने पोते-पोतियों के साथ हंसते-मुस्कुराते दिख रहे थे। बच्चे हैलोवीन कॉस्ट्यूम में थे, जिनमें से एक 'ग्रिम रीपर' के रूप में नजर आया।
बीजेपी ने इस वीडियो को हाथों-हाथ लेते हुए कहा कि लालू यादव वही नेता हैं जिन्होंने पहले कुंभ मेले को "फालतू" कहा था और अब "विदेशी त्योहार" मना रहे हैं। बीजेपी किसान मोर्चा ने एक्स (X) पर लिखा - "बिहार के लोगों, मत भूलिए! यही लालू यादव हैं जिन्होंने आस्था और अध्यात्म के महापर्व कुंभ को 'फालतू' कहा था, और अब हैलोवीन का जश्न मना रहे हैं।"
पीएम मोदी का हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनावी सभाओं में विपक्ष पर तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता न तो छठ पूजा का सम्मान करते हैं, न ही राम मंदिर निर्माण का समर्थन करते हैं। मोदी ने कहा - ये वही लोग हैं जो हर बार घुसपैठियों को बचाने के लिए कूद पड़ते हैं। इनकी राजनीति देश की सुरक्षा से समझौता करती है। मोदी का यह बयान बिहार के उन इलाकों में आया जहां मुस्लिम आबादी अधिक है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर सांप्रदायिक कोण नहीं जोड़ा, लेकिन संकेत साफ थे कि बीजेपी अब सांस्कृतिक पहचान को केंद्र में रखकर चुनावी नैरेटिव गढ़ रही है।
शिवहर में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह ने महागठबंधन पर आरोप लगाया कि ये दल न केवल हिंदू त्योहारों का मज़ाक उड़ा रहे हैं, बल्कि विदेशी संस्कृति और घुसपैठियों को बढ़ावा दे रहे हैं।
प्रियंका गांधी का पलटवार
बीजेपी के इस सांस्कृतिक मोर्चे पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर "अपमान" का आरोप लगाते हैं। सहरसा और लखीसराय में रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा , मोदी जी विकास की बात नहीं करते। हर दिन कहते हैं कि किसी ने उनका अपमान किया। उन्हें एक नया मंत्रालय बनाना चाहिए - 'अपमान मंत्रालय', क्योंकि यही काम उनकी सरकार सबसे ज्यादा करती है। प्रियंका ने कहा कि बिहार की जनता अब बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर जवाब मांग रही है, लेकिन प्रधानमंत्री हर सवाल से बचने के लिए भावनाओं का सहारा ले रहे हैं।
'छठ बनाम हैलोवीन': चुनावी नैरेटिव
बिहार में इस बार चुनावी जंग सिर्फ गठबंधनों के बीच नहीं, बल्कि "संस्कृति बनाम पश्चिमी प्रभाव" के बीच भी दिख रही है। बीजेपी जहां छठ, राम मंदिर और हिंदू अस्मिता को केंद्र में रखकर जनता से जुड़ने की कोशिश कर रही है, वहीं महागठबंधन बेरोजगारी, महंगाई और विकास जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरना चाहता है।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या "छठ बनाम हैलोवीन" की यह सियासी जंग वोटों में बदल पाती है या जनता विकास को ही असली मुद्दा मानकर अपना फैसला सुनाती है।












Click it and Unblock the Notifications