Bihar Chunav: 25 साल में पहली बार शून्य पर निर्दलीय! बिना सिंबल वाले क्यों साफ हुए मैदान से? पढ़ें 5 कारण
Bihar Chunav Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 ने कई नए रिकॉर्ड बनाए, लेकिन सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा यह रहा कि इस बार एक भी निर्दलीय उम्मीदवार जीत नहीं सका। बिहार-झारखंड अलग होने के बाद यानी पिछले 25 साल में पहली बार ऐसा हुआ है। जो उम्मीदवार कभी बिना पार्टी के सहारे जनता के भरोसे जीतकर आते थे, वे अब पूरी तरह हाशिए पर पहुंच गए हैं।
इस बार न केवल जीत दूर रहीबल्कि दूसरे स्थान पर भी केवल चार निर्दलीय ही आ सके। कुशेश्वरस्थान में गणेश भारती, मोहनिया में रविशंकर पासवान, परिहार में रितु जायसवाल और सिकटा में खुर्शीद फिरोज अहमद। इन सभी की हार का अंतर 17 से 47 हजार वोटों के बीच रहा, यानी मुकाबला कहीं था ही नहीं।

यह गिरावट अचानक नहीं आई। 2005 में जहां 17 निर्दलीय जीते थे, वहीं 2010 में 6, 2015 में 4, 2020 में सिर्फ 1 और 2025 में यह संख्या शून्य हो गई। दिलचस्प बात यह भी है कि पिछली बार चकाई से निर्दलीय जीते सुमित कुमार सिंह इस बार जदयू के टिकट पर उतरे, लेकिन तब भी हार गए।
तो आखिर ऐसा क्या हुआ कि बिहार में निर्दलीयों की राजनीति लगभग खत्म होती दिख रही है? आइए 5 बड़े कारणों से समझते हैं।
1. क्षेत्रीय दलों का जबरदस्त उभार
बिहार में पिछले दो दशकों में क्षेत्रीय दलों का नेटवर्क बहुत मजबूत हुआ है। जदयू,राजद,लोजपा, हम, लोजपा जैसे दलों ने हर गांव, हर पंचायत और हर बूथ तक अपनी पकड़ बनाई है। ऐसे माहौल में स्वतंत्र उम्मीदवारों के लिए वोटरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। लोग अब स्पष्ट विकल्प चाहते हैं और दलों की मौजूदगी में निर्दलीयों की जमीन सिकुड़ गई है।
2. टिकट-आधारित राजनीति का तेजी से विस्तार
आज मतदाता यही मानते हैं कि टिकट वाले ही सरकार में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। जिले, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर भी यही संदेश जाता है कि पार्टी उम्मीदवार ही स्थानीय मुद्दों को उठा पाएगा। इस सोच ने निर्दलीयों की अपील को प्रभावित किया है। लोगों को लगता है कि बिना पार्टी के उम्मीदवार सत्ता तक पहुंच भी जाए तो काम कराने में दिक्कत होगी।

3. पैसे और संगठन की भारी ताकत
चुनाव लड़ना अब पहले जैसा आसान नहीं रहा। बड़े दल करोड़ों रुपये के संसाधन लगाते हैं-टीमें, गाड़ियां, सोशल मीडिया प्रचार, बूथ प्रबंधन, सबकुछ बेहद संगठित तरीके से होता है। निर्दलीयों के पास न तो इतना पैसा होता है और न ही इतना बड़ा नेटवर्क। परिणाम यह कि उन्हें प्रचार के दौरान वह दृश्यता ही नहीं मिल पाती, जो जीत के लिए जरूरी होती है।
4. चुनावों का वैचारिक और जातीय ध्रुवीकरण
बिहार की राजनीति में जातीय समीकरण पहले से मजबूत थे, लेकिन अब उसमें राजनीतिक विचारधारा भी जुड़ गई है। एनडीए और इंडिया गठबंधन जैसे विकल्पों ने चुनाव को सीधी लड़ाई बना दिया है। ऐसे ध्रुवीकरण में स्वतंत्र उम्मीदवारों के लिए जगह बचती ही नहीं। मतदाता खुलकर एक फ्रंट को सपोर्ट करने लगा है, जिससे तीसरे विकल्प की गुंजाइश खत्म हो गई।
5. स्वतंत्र नेताओं की जरूरत तो है, पर जीत मुश्किल क्यों?
स्वतंत्र नेता स्थानीय मुद्दों पर ज्यादा खुलकर आवाज उठाते हैं यह भी सच है। कई चुनावों में यही वजह रही कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने जनता का भरोसा जीता। लेकिन अब जनता चाहती है कि उनकी बात बड़े मंच पर सुनी जाए। स्वतंत्र नेता चाहे जितने अच्छे हों, लेकिन बिना पार्टी का सहारा उनकी आवाज विधानसभा में कमजोर हो जाती है। यही वजह है कि लोग अच्छे उम्मीदवार का समर्थन करते हुए भी उन्हें वोट नहीं दे पा रहे।
नतीजा साफ है-बिहार में निर्दलीयों का दौर लगभग खत्म हो चुका है। अब राजनीति पूरी तरह संगठन, संसाधन और स्पष्ट राजनीतिक पहचान पर टिक गई है। 2025 का चुनाव इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रमाण बनकर सामने आया है। अगर यही रुझान जारी रहा तो आने वाले वर्षों में स्वतंत्र नेताओं के लिए चुनावी राजनीति में जगह बनाना और भी मुश्किल हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications