बंदूक की नोंक पर बिहार! 12 घंटे में 2 मर्डर, सुबह BJP और शाम को CPI (ML) नेता को गोलियों से भूना, पुलिस पस्त
Bihar CPI(ML) Leader Sunil Chandravanshi Murder: बिहार के अरवल जिले में सोमवार की शाम सीपीआई (एमएल) के नेता सुनील चंद्रवंशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना किंजर थाना क्षेत्र के इमामगंज-करपी पथ पर स्थित कोचहासा गांव के पास हुई। हत्या के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
आपको बता दें कि पटना में सुबह बीजेपी नेता श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित मनोज कमलिया गेट के पास हुई थी। 12 घंटें के अंदर दो मर्डर से बिहार में दहशत का माहौल छाया हुआ है।

कैसे सीपीआई (एमएल) नेता की हत्या को दिया अंजाम?
सुनील चंद्रवंशी, जो करपी थाना क्षेत्र के छक्कन बिगहा गांव के निवासी थे, करपी से पार्टी का काम करके लौट रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने रास्ते में उनकी बाइक को रोककर उन पर चार से पांच गोलियां चलाईं। तीन गोलियां लगने से चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी राजेंद्र कुमार भील, डीएसपी कृति कमल और हेडक्वार्टर डीएसपी हरीश सिन्हा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी?
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर पहले से घात लगाकर कोचहासा गांव के पास बैठे थे। जब सुनील चंद्रवंशी वहां पहुंचे, तो हमलावरों ने हथियार दिखाकर उनकी बाइक को रोका। हथियार देखकर चंद्रवंशी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और सीने और सिर में गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार में मातम
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रवंशी के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके दो पुत्र हैं और घर में शादी की तैयारी चल रही थी। इस दुखद घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।
क्या कहती है पुलिस?
डीएसपी कृति कमल ने बताया कि सुनील चंद्रवंशी, जिन्हें पहले सुनील कहार के नाम से जाना जाता था, 90 के दशक में नक्सली एरिया कमांडर के रूप में चर्चित थे। हाल के वर्षों में वे सीपीआई (एमएल) से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में यह हत्या आपसी वर्चस्व को लेकर प्रतीत हो रही है। पुलिस ने इस मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
किंजर थाना अध्यक्ष राज कौशल ने बताया कि ग्रामीणों से गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications