'जनशक्ति जनता दल' के पोस्टर में क्यों नहीं हैं लालू-राबड़ी की तस्वीर? तेज प्रताप ने बताई वजह
Bihar Chunav Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव ने अपनी राजनीतिक पहचान बनाने के लिए नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) की घोषणा कर दी है। उन्होंने पार्टी का पहला पोस्टर भी जारी किया, जिसमें उनके पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी की तस्वीर नहीं दिखाई गई।
यह कदम काफी चर्चा में है और राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े कर रहा है। वहीं चर्चा के बीच तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि पोस्टर में केवल उनकी नई पार्टी के सदस्य और आदर्श व्यक्तित्वों की तस्वीरें होंगी।

तो इसलिए नहीं है लालू-राबड़ी की तस्वीर
तेजप्रताप ने साफ कहा कि उनके माता-पिता राजद के नेता हैं और उनकी तस्वीर उनकी नई पार्टी के पोस्टर में कैसे लग सकती है। उन्होंने आगे बताया, 'हमारी पार्टी के संविधान के अनुसार केवल वही लोग पोस्टर पर होंगे जो हमारी पार्टी में हैं। राजद के पोस्टरों में भी संस्थापक या नेताओं की तस्वीर का होना जरूरी नहीं है। इसलिए हमने अपने आदर्शों और नए विज़न के अनुसार पोस्टर तैयार किया है।'
पार्टी के पोस्टर में इन महापुरुषों का फोटो
पार्टी के पोस्टर में पांच महापुरुषों और सामाजिक नेताओं को शामिल किया गया है: महात्मा गांधी, बीआर अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर। तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पार्टी के संविधान और आदर्शों को प्रमुखता देना है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में शामिल लोग ही पोस्टर पर होंगे और अन्य राजनीतिक हस्तियों की तस्वीरें नहीं लगाई जाएंगी।
ये भी पढे़ं: Bihar Chunav Survey: हालिया सर्वे से प्रशांत किशोर होंगे खुश, 36 सीटों पर NDA-महागठबंधन को देंगे टेंशन!
चुनाव चिह्न ब्लैक बोर्ड रखा गया
बता दें कि राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव में कदम रख दिया है। उनकी नई पार्टी का नाम 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) है और इसका चुनाव चिह्न ब्लैक बोर्ड रखा गया है। तेज प्रताप ने अपने आधिकारिक X हैंडल से पार्टी का पहला पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें पार्टी के आदर्श और दिशा स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
तेजस्वी यादव की चिंता बढ़ सकती है
तेजप्रताप यादव के बागी तेवर ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। अपनी नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' के जरिए उन्होंने विधानसभा चुनाव में कदम रखा है, जिससे तेजस्वी यादव की चिंता बढ़ सकती है। पार्टी का चुनाव चिह्न ब्लैक बोर्ड और आदर्श नेताओं को पोस्टर में शामिल करना तेजप्रताप की अलग पहचान दिखाता है। इससे राजद के वोट बैंक में संभावित असर हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav: कांग्रेस के 6 दिग्गज, बेटों के लिए टिकट की जुगाड़ में! राहुल-प्रियंका तक कर रहे हैं पैरवी












Click it and Unblock the Notifications