'6 महीने में गिरेगी नीतीश कुमार की सरकार', बिहार चुनाव से पहले इस दिग्गज नेता ने किया बड़ा दावा
Bihar Chunav 2025 (Mallikarjun Kharge): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार (01 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार की नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला। खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को "वोट चोरी" के जरिए जीतने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की डबल इंजन सरकार अब ज्यादा दिनों तक सत्ता में नहीं टिक पाएगी और आने वाले कुछ महीनों में इसे जनता बाहर का रास्ता दिखा देगी।
खड़गे ने कहा-"यह डबल इंजन नीतीश सरकार अगले 6 महीनों में खत्म हो जाएगी और जो सरकार बनेगी वह गरीबों की, दलितों की, पिछड़ों की और महिलाओं की सरकार होगी।" उन्होंने कहा, ''नरेंद्र मोदी को चोरी करने की आदत है। कभी वो आपका पैसा चोरी करते हैं, तो कभी वोट चोरी करते हैं। नरेंद्र मोदी बिहार में वोट चोरी करके चुनाव जीतना चाहते हैं, लेकिन हम सभी को सतर्क रहना होगा। बाबा साहेब अंबेडकर जी, गांधी जी, नेहरू जी ने देश के लोगों को वोट का अधिकार दिया है और हमें इस अधिकार को खोने नहीं देना है।''

नीतीश कुमार पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कभी समाजवाद की बात करते थे लेकिन आज वे बीजेपी-आरएसएस की गोद में बैठे हैं। खड़गे ने तंज कसा-"सोशलिस्ट सोच कहां गई, जब नीतीश बीजेपी की गोद में बैठे हैं? बीजेपी और आरएसएस एक दिन उन्हें भी बाहर फेंक देंगे।"
'वोट अधिकार यात्रा' का समापन
मल्लिकार्जुन खड़गे के ये बयान उस समय आए जब पटना में राहुल गांधी और महागठबंधन के अन्य नेताओं की 'वोट अधिकार यात्रा' का समापन हुआ। इस यात्रा ने 25 जिलों के 110 विधानसभा क्षेत्रों में 1300 किलोमीटर का सफर तय किया।
खड़गे ने कहा-"इस यात्रा को पूरे देश में चर्चा मिली। कई बार इसे रोकने की कोशिश हुई, लेकिन बिहार की जनता और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी।"
उन्होंने मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा- "मोदी को चोरी की आदत है-वोट चोरी, पैसा चोरी और बैंकों को लूटने वालों को बचाना। मोदी-शाह पर भरोसा मत करना, ये लोग आपको दबा देंगे।"
तेजस्वी यादव का बड़ा बयान
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा- "यह यात्रा ऐतिहासिक रही और हमें अपार समर्थन मिला। जनता जाग चुकी है और अब इन बेईमान लोगों को सत्ता से बाहर करेगी। जिन्होंने लोकतंत्र की हत्या की है, उन्हें जनता करारा जवाब देगी।"
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ''BJP के लोगों तैयार हो जाओ - एटम बम के बाद अब हाइड्रोजन बम आने वाला है। पूरे देश में हम आपकी वोट चोरी का पर्दाफाश करेंगे।''
वोट अधिकार यात्रा के समापन में शामिल विपक्ष के कई दिग्गज नेता
पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने इस ऐतिहासिक मार्च को रोका, जहां नेताओं ने सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर कई बड़े चेहरे मौजूद रहे-झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई (एमएल) के दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीएम महासचिव एम. ए. बेबी, सीपीआई के एनी राजा, टीएमसी सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना (उद्धव) के संजय राउत।












Click it and Unblock the Notifications