Bihar Chunav: कांग्रेस और आरजेडी के बीच थम नहीं रहा घमासान, अब राजेश राम के खिलाफ तेजस्वी उतारेंगे कैंडिडेट?
Bihar Chunav: बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के बीच सीट बंटवारे को लेकर घमासान जारी है। अब तक कम से कम 10 ऐसी सीटें हैं जहां महागठबंधन के घटक दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर इस कदर नाराजगी है कि पटना एयरपोर्ट पर ही कार्यकर्ताओं के बीच लात-घूंसे चले थे। अब खबर है कि आरजेडी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के खिलाफ भी उम्मीदवार उतारने का मन बना लिया है। महागठबंधन में तकरार कार्यकर्ताओं के उत्साह को भी ठंडा कर रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुम्बा की सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह सुरक्षित सीट है और प्रदेश अध्यक्ष भी दलित समुदाय से आते हैं। इधर आरजेडी ने सुरेश पासवान को उतारने की तैयारी कर ली है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि टिकट बंटवारे में मनमानी की वजह से कार्यकर्ताओं में राजेश राम के खिलाफ भी भारी असंतोष है।

Rajesh Ram की सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा बवाल
दरअसल एक दिन पहले ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि दलित दबेगा नहीं, झुकेगा नहीं. अब इंकलाब होगा. जय बापू ,जय भीम जय संविधान, जय कांग्रेस। इसके बाद से ही ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्होंने इशारों में तेजस्वी यादव पर ही तंज किया है।
दरअसल महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। आरजेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल का अभाव ग्राउंड पर दिख रहा है। इतना ही नहीं कांग्रेस पार्टी के अंदर टिकट बंटवारे को लेकर भारी नाराजगी है। पार्टी हाईकमान ने स्पष्ट नहीं किया है कि कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतरेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि यह संख्या पिछली बार से कम होगी।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: नामांकन से ठीक पहले जन सुराज प्रत्याशी 'लापता', पार्टी को किडनैपिंग' का शक
Bihar chunav में वोटिंग से पहले ही सिर फुटव्वल
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है महागठबंधन के घटक दलों का असंतोष खुलकर सामने आ रहा है। कभी मुकेश सहनी नाराज हो जाते हैं, तो कभी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के बीच लात-जूते चलने लगते हैं। तेजस्वी यादव ने भी दिल्ली में दबी जुबान में कह दिया था कि गठबंधन टूट भी सकता है। कुल मिलाकर मतदान से पहले की यह स्थिति कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जरूर सकते में डाल रही है। इससे बूथ स्तर पर तैयारियां बड़े पैमाने पर प्रभावित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: महागठबंधन में तकरार पर चिराग पासवान बोले, 'अलायंस नहीं संभाल पा रहे वो राज्य कैसे संभालेंगे?'












Click it and Unblock the Notifications