Bihar Chunav 2025: बिहार में 'मेरा बाप चारा चोर' के जवाब में 'नेशनल दामादवादी अलायंस', देखें पोस्टर वार
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब कुछ ही महीने बचे हैं और पूरे प्रदेश में सियासी सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक दलों के समर्थक और नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। शनिवार को पोस्टर वार की वजह से प्रदेश का सियासी पारा चढ़ता दिख रहा है। आरजेडी पर हमला करते हुए एक पोस्टर में चारा चोर कहा गया है। इसके जवाब में एक और पोस्टर जारी किया गया है और इसमें नीतीश कुमार पर परिवारवाद बढ़ाने का आरोप लगाया गया है।
इस पोस्टर में लिखा है-'एनडीए सरकार 'दामाद सेवा' में सदैव तत्पर।' बिहार की राजनीति में पिछले एक महीने से परिवार बनाम दामाद की जंग शुरू हो गई है। तेजस्वी यादव अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी कई बार दामादवाद करने का आरोप नीतीश सरकार पर लगाते रहे हैं।

Bihar Chunav 2025: पोस्टर के जरिए साध रहे निशाना
बिहार की राजनीति में चुनावी मौसम में आरोप-प्रत्यारोप और उपलब्धियां गिनाने का दौर चल रहा है। बीजेपी की तरफ से एक पोस्टर लगाया गया है जिसे सीधे तौर पर लालू यादव परिवार पर निशाना साधना कह सकते हैं। इस पोस्टर में लिखा है, 'मेरा बाप चारा चोर हैं! मुझे वोट देना।'
इसके जवाब में एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, मंत्री अशोक चौधरी और दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और तीनों नेताओं के दामाद की तस्वीर भी है। इस पोस्टर में किसी राजनीतिक हस्ती या दल का नाम नहीं लिखा है।
हालांकि, भाषा और तल्खी देखकर लग रहा है कि यह पोस्टर आरजेडी की ओर से ही लगाया गया है। पोस्टर में लिखा है, 'पुण्य किये, सेवा किये, तीरथ किये हजार, 'दामाद सेवा' न किया तो ये सब है बेकार। एनडीए सरकार 'दामाद सेवा' में सदैव तत्पर।'
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में NDA का CM उम्मीदवार कौन? चिराग पासवान ने इंटरव्यू में कर दिया खुलासा
बिहार की राजनीति में परिवारवाद बनाम दामादवाद
दरअसल एनडीए और खास तौर पर बीजेपी की ओर से आरजेडी और कांग्रेस पर परिवारवाद के आरोप सबसे ज्यादा लगाए जाते हैं। पीएम मोदी भी जंगलराज और जंगलराज के युवराज जैसे तंज का इस्तेमाल कर चुके हैं। इसके जवाब में तेजस्वी यादव ने इस बार दामादवाद का तंज चलाया है। हाल ही में बिहार सरकार ने सवर्ण आयोग, अल्पसंख्यक आयोग समेत कई और आयोग गठित किया है। इन आयोग में कई दिग्गज नेताओं के दामाद अहम पदों पर हैं। तेजस्वी इसे ही मुद्दा बनाकर एनडीए और नीतीश कुमार पर हमला बोल रहे हैं।
बिहार में जितनी तेजी से सियासी पारा चढ़ रहा है उसे देखते हुए यही कह सकते हैं कि अभी आरोपों का दौर जारी रहेगा। आने वाले कुछ महीने तक जुबानी तंज, सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप से लेकर ऐसे और कई पोस्टर वार देखने को मिलते रहेंगे।
यह भी पढ़ें: PM Modi in Bihar: बिहार की फैक्ट्री में बने इंजन से अफ्रीका में दौड़ेगी ट्रेन, पीएम मोदी ने किया रवाना












Click it and Unblock the Notifications