Bihar Chunav 2025: 'योगीजी के भी 400 दिन बचे हैं, बुलडोजर से डरना मत!', अखिलेश के तेवर गरम, रैली की 5 बड़ी बात
Bihar Chunav 2025 (Akhilesh Yadav rally): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मोर्चा संभाल लिया है। समाजवादी पार्टी और महागठबंधन के लिए प्रचार करने पहुंचे अखिलेश ने पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर और सिवान के रघुनाथपुर में ताबड़तोड़ सभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी, योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार पर करारे प्रहार किए।
तेजस्वी यादव को "न्यू बिहार" की नींव रखने वाला नेता बताते हुए उन्होंने युवाओं से रोजगार और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूत करने की अपील की।अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा, "हमारे पड़ोसी की परवाह मत करना, वो बुलडोजर से डरा रहे हैं। लेकिन उनके बुलडोजर के पास दिमाग नहीं है। बताओ अगर चाबी बदल गई तो बुलडोजर कहां जाएगा? उनके पास सिर्फ बुलडोजर है, लेकिन न कंप्यूटर आता है, न लैपटॉप, न इंटरनेट। इंस्टाग्राम कोई दिखाता है, फेसबुक कोई चलाता है, और एक्स (ट्विटर) कोई और संभालता है।"

उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, "योगीजी के भी अब सिर्फ 400 दिन बचे हैं। लोग कहते हैं कि विरासत में बुद्धि नहीं मिलती। कुछ लोग गोरखपुर के एक शो रूम में गए थे, वहां शैंपू ढूंढ रहे थे लेकिन शैंपू से बाल उगते नहीं, साफ होते हैं।"
🔹 "न्यू बिहार बनने जा रहा है, तेजस्वी लाएंगे नौकरी की बहार"
अखिलेश यादव ने कहा कि अब बिहार को अपने संसाधनों पर भरोसा करना होगा। उन्होंने दावा किया, "बिहार का पैसा बिहार में लगेगा और बिहार के लोग खुशहाल होंगे। अबकी बार न्यू बिहार बनने जा रहा है। तेजस्वी यादव युवाओं को नौकरी देंगे, किसानों को राहत देंगे और भ्रष्टाचार पर रोक लगाएंगे।"
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "इन्होंने कहा था किसान की आय दोगुनी करेंगे, लेकिन 11 साल में हुआ क्या? आय तो बढ़ी नहीं, लेकिन महंगाई जरूर दो गुनी हो गई। पेट्रोल, डीजल, जीएसटी सब कुछ बढ़ा दिया गया, व्यापार ठप है और नौजवान बेरोजगार घूम रहा है।"
🔹 "अब हिसाब देने का समय आया है-20 साल की नहीं, 11 साल की दिल्ली सरकार का भी"
अखिलेश यादव ने अपने भाषण में सामाजिक न्याय के प्रतीक नेताओं कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव-का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "यह जमीन कर्पूरी जी की है, लालू जी की है। इन्होंने सामाजिक न्याय की नींव रखी थी, अब हम तेजस्वी के साथ मिलकर उसी न्याय की सरकार बनाएंगे।"
उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, "जब उनसे उपलब्धियों का हिसाब मांगा जाता है तो बस 20 साल का बिहार का हिसाब देते हैं। दिल्ली में 11 साल से इनकी सरकार है, उसका हिसाब कौन देगा? क्या किसान की आय दोगुनी हो गई? क्या युवाओं को रोजगार मिला? क्या धान की फसल की कीमत मिली?"
🔹 "तेजस्वी जब नौकरी देने लगे तो भाजपा ने सरकार गिरा दी"
सपा प्रमुख ने तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी बिहार की युवा सरकार से डर गई थी। उन्होंने कहा, "तेजस्वी जब नौकरी देने लगे तो बीजेपी के लोगों को डर लग गया। उन्हें लगा कि अगर बिहार में युवाओं को रोजगार मिलने लगा, तो पूरे देश की जनता उनसे सवाल पूछने लगेगी। इसलिए उन्होंने सरकार गिरा दी।"
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने अनुभव से तेजस्वी की मदद करेगी। उन्होंने कहा, "हम यूपी में सरकार चला चुके हैं, हमें पता है विकास कैसे होता है। अब बिहार की जिम्मेदारी हमारी भी है।"
🔹 "बेरोजगारी की टोकरी चाहिए या सम्मान की नौकरी?"
अखिलेश यादव ने युवाओं से सवाल पूछा, ''आपको बेरोजगारी की टोकरी चाहिए या सम्मान की नौकरी?" उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में रोजगार है ही नहीं। अखिलेश यादव बोले, "ये लोग सिर्फ वादे करते हैं, काम कुछ नहीं करते। भ्रष्टाचार से जो पैसा निकलता है, वो बंडल बनकर बाहर जा रहा है। अब ये बंडलराज नहीं चलेगा। बिहार में तेजस्वी की सरकार बनेगी तो नौकरी की बहार आएगी।"
🔹 "गोरखपुर में गोरखधंधा चलाने वालों पर सवाल"
अखिलेश यादव ने अमेरिका और भारत के व्यापारिक रिश्तों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "अब तो जो खुद को विश्व गुरु कहते हैं, उन्हें अमेरिका धमका रहा है, टैरिफ लगा रहा है। भाजपा बैक डोर से सौदा कर रही है ताकि भारत के बाजार में विदेशी दूध-दही बिके। अगर ऐसा हुआ तो गोरखपुर में जो गोरखधंधा चलाने वाले हैं, उनका क्या होगा?"
🔹 रैली से निकला राजनीतिक संदेश
अखिलेश यादव की इस रैली ने बिहार की राजनीति में नया संदेश दिया है। एक तरफ उन्होंने तेजस्वी यादव को 'न्यू बिहार' का चेहरा बताया, तो दूसरी ओर भाजपा पर बेरोजगारी, महंगाई और किसान नीति को लेकर कड़ा हमला बोला। उनकी बातों से साफ है कि समाजवादी पार्टी इस चुनाव में सिर्फ प्रचारक की भूमिका नहीं निभाना चाहती, बल्कि महागठबंधन की विचारधारा को मजबूती से जनता के बीच ले जाना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications