Bihar Chuanv: प्रशांत किशोर कितनी सीटें जीतेंगे? नीतीश CM रहेंगे या नहीं? दिग्गज रणनीतिकार ने किया बड़ा दावा
Bihar Chuanv (Prashant kishor): बिहार की सियासत इन दिनों गर्म है। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही नेताओं के बयान भी राजनीति की दिशा और दशा तय करने लगे हैं। इसी बीच देश के मशहूर चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (PK) ने हाल ही में दिए इंटरव्यू और और फिर बेगूसराय की सभा से कई ऐसे दावे कर दिए हैं, जिसने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
प्रशांत किशोर ने बताया कि इस बिहार चुनाव में उनकी पार्टी जन सुराज 245 विधानसभा सीटों में से कितनी सीटें जीतेगी। उन्होंने ये भी दावा किया बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस चुनाव के बाद बिहार के सीएम नहीं होंगे। इसके पीछे उन्होंने कारण भी गिनाए। हालांकि नीतीश और RJD नेता तेजस्वी यादव की तुलना में उन्होंने नीतीश को बेहतर नेता बताया। आइए जानें प्रशांत किशोर ने जन सुराज के चुनावी भविष्य और सीएम नीतीश से लेकर बिहार चुनाव को लेकर क्या-क्या कहा।

'नीतीश अब मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे' , प्रशांत किशोर ने क्यों कहा ऐसा?
जी न्यूज के कॉन्क्लेव में प्रशात किशोर ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा, "जेडीयू धीरे-धीरे टूटेगी। नीतीश बाबू अब अगले मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। इस चुनाव में जेडीयू का 25 सीट जीत पाना भी मुश्किल है। एनडीए अगर बिहार चुनाव जीत भी गई तो बीजेपी नीतीश कुमार को अपना मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।"
प्रशात किशोर ने साफ कहा कि भाजपा में दो लोग ही तय करते हैं कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, और उसमें नित्यानंद राय का कोई रोल नहीं है। यानी प्रशांत किशोर यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि नीतीश का दौर खत्म होने वाला है।

PK ने बताया- जन सुराज बिहार में कितनी सीटें जीतेगी?
प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी जन सुराज के प्रदर्शन को लेकर कहा, ''या तो जन सुराज 10 सीटों से भी कम पर सिमट जाएगी, या फिर 150 से ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में आएगी। हम या तो र्श पर या फर्श पर रहेंगे।''
उन्होंने माना कि उनके अनुमान पहले भी गलत साबित हुए हैं। जैसे लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी को 300 सीटें दी थीं, लेकिन पार्टी 240 पर सिमट गई। बावजूद इसके प्रशांत किशोर का दावा है कि बिहार की राजनीति में अब उनकी पार्टी ही सबसे बड़ा विकल्प है।
तेजस्वी यादव और वंशवाद पर PK का वार
प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर भी करारा हमला किया। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यही चाहते हैं कि नेताओं के बेटे राजनीति में आएं, ताकि उनका आना सही ठहराया जा सके।"
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर सिर्फ पिता की वजह से बेटे ही आगे आते, तो गावस्कर का बेटा क्रिकेट खेल रहा होता और सचिन-कोहली जैसे नए खिलाड़ी सामने नहीं आते। यानी PK साफ तौर पर वंशवाद के खिलाफ खुद को खड़ा कर रहे हैं और तेजस्वी को उसका प्रतीक बता रहे हैं।

प्रशांत किशोर बोले- 'मुसलमानों को अल्लाह का डर होना चाहिए, भाजपा का नहीं'
प्रशांत किशोर ने अल्पसंख्यक वोट बैंक पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाते हैं, जबकि "उन्हें सिर्फ अल्लाह का डर होना चाहिए।" उन्होंने RJD की लालटेन पर तंज कसा और कहा कि "लालटेन कभी बिजली से तो जल नहीं सकती।"
'नीतीश ईमानदार, लेकिन मंत्री और अफसर बेहद भ्रष्ट'
बेगूसराय की सभा में प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार की व्यक्तिगत ईमानदारी को स्वीकार किया, लेकिन उन पर सवाल उठाते हुए कहा, "चार-पांच मंत्री और चार-पांच अफसर इतने भ्रष्ट हैं कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में घर खरीदे हैं। जन सुराज की सरकार आई तो इन्हें जेल भेजा जाएगा।"
उन्होंने नीतीश की तुलना मनमोहन सिंह से की और कहा कि जैसे मनमोहन व्यक्तिगत रूप से ईमानदार थे, पर उनकी सरकार भ्रष्ट मानी गई, वैसे ही नीतीश के साथ भी हो रहा है।
क्या PK बिहार की सियासत का नया चेहरा बन पाएंगे?
प्रशांत किशोर ने साफ कर दिया है कि उनकी लड़ाई अब रणनीति से ज्यादा विचारधारा की है। उनका दावा है कि वे बिहार को जाति और डर की राजनीति से निकालकर विकास और योग्यता की राजनीति में ले जाएंगे।
लेकिन बड़ा सवाल यही है कि -क्या वाकई जन सुराज 150 सीटों तक का सफर तय कर पाएगी? या फिर PK के दावे भी सिर्फ चुनावी बयान साबित होंगे? बिहार की जनता इस बार किसे मौका देती है, यह आने वाला चुनाव ही तय करेगा।












Click it and Unblock the Notifications