Bihar: महागठबंधन को झटका! नीतीश कैबिनेट से जीतनराम मांझी के बेटे ने दिया इस्तीफा
बिहार में जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश की सरकार में संतोष अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री थे।
Bihar News: बिहार की राजनीति में एक बार फिर उलटफेर देखने को मिल रहा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) पार्टी के चीफ जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने मंगलवार को नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा देकर महागठबंधन को झटका दिया है। संतोष कुमार सुमन नीतीश के नेतृत्व वाले बिहार मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री थे।
मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, संतोष कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपने पिता पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) का जद (यू) में विलय करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हमें जद (यू) में विलय के लिए मजबूर किया जा रहा था।

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य के सत्तारूढ़ 'महागठबंधन' में जूनियर पार्टनर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के लिए कम से कम 5 सीटों की मांग की गई है। 'हम' के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने भी पिछले हफ्ते कहा था कि पार्टी बिहार में 40 लोकसभा सीटों में से 5 से कम की पेशकश पर सहमत नहीं होगी।
अमित शाह के साथ बैठक के बाद माझी ने सियासत में मचाई हलचल
आपको बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी के खिलाफ नीतीश कुमार महागठबंधन तैयार कर रहे हैं। जिसमें सभी गैर बीजेपी दल हैं। इसी बीच जीतन राम मांझी ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। मालूम हो कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा बिहार में एक क्षेत्रीय पार्टी है। इसकी स्थापना साल 2015 में जीतन राम मांझी ने की थी। बिहार विधान सभा में इसकी कुल 4 सीटें हैं।


Click it and Unblock the Notifications
