बिहारः विधानसभा चुनाव से पहले कमजोर मतदाताओं की होगी पहचान, संवेदनशील इलाकों को किया जाएगा चिन्हित
पटना। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ चुनाव आयोग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में विधानसभा चुनाव से पहले विधानसभा क्षेत्रों में कमजोर वर्ग के लोगों की पहचान की जाएगी। साथ ही संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर मानचित्र बनाया जाएगा। ताकि उन इलाकों के मतदाताओं को चुनाव के दौरान सुरक्षा प्रदान की जा सके।

चुनाव आयोग के विशेषज्ञों ने सोमवार को चुनाव को लेकर कमजोर मतदाताओं की पहचान किए जाने संबंधी जानकारी सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को प्रशिक्षण के दौरान दी। आयोग के तत्वावधान में सोमवार से दो दिनी उच्च स्तरीय ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी व उप निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोग की अधिकृत एजेंसी ट्रिपल आई डी के द्वारा माइक्रोसॉफ्ट के माध्यम से संचालित की गयी। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि आचार संहिता चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश में लागू हो जाएगी। इसलिए शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान केलिए सख्त निगरानी रखनी होगी। चुनाव आयोग के प्रधान सचिव सुमित मुखर्जी, सचिव व अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद थे।
आयोग के सूत्रों के अनुसार विशेषज्ञों ने कहा कि बूथवार संवेदनशील निर्वाचक (कमजोर मतदाता) को चिन्हित कर संवेदनशील इलाके का मानचित्र बनाएं, ताकि ऐसे मतदाताओं को किसी भी प्रत्याशी अथवा दल के द्वारा पैसे देकर या डरा-धमका कर पक्ष में मतदान के लिए दबाव नहीं बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications