Bihar Election Result: नीतीश बनाम तेजस्वी की जंग! कब होगी वोटों की गिनती? यहां है हर डिटेल
Bihar Assembly Election 2025 Result: बिहार की सियासत एक बार फिर इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार का भविष्य तय करने और तेजस्वी यादव की नई उम्मीदों की कसौटी पर जनता ने अपना फैसला ईवीएम में बंद कर दिया है। 6 नवंबर को पहले चरण का और 11 नवंबर को राज्य में दूसरे और आखिरी चरण का मतदान पूरा हुआ। दोनों ही चरण के चुनाव में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पहले चरण में 18 जिले के 121 सीटों के लिए वोटिंग हुई। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए। पूरे राज्य में लोगों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। गांवों से लेकर शहरों तक मतदाताओं की भीड़ ने लोकतंत्र के इस महापर्व को यादगार बना दिया। अब हर किसी की निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब मतगणना शुरू होगी और यह तय होगा कि बिहार में फिर नीतीश राज लौटेगा या तेजस्वी की नई बयार चलेगी।

अब तक का सबसे हाई-वोल्टेज चुनाव
इस बार का बिहार चुनाव हाल के वर्षों में सबसे ज़्यादा चर्चा में रहा। दो चरणों में हुए इस चुनाव में हर दल ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए (जेडीयू-बीजेपी गठबंधन) और विपक्षी महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-लेफ्ट दलों का गठबंधन) के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली। बड़े-बड़े नेताओं ने राज्य भर में रैलियां कीं, रोड शो निकाले और एक-दूसरे पर तीखे हमले बोले। विकास, रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और महंगाई जैसे मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में रहे।
अब तक का सबसे ज्यादा मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 1951 के बाद राज्य का सबसे अधिक वोटिंग प्रतिशत है। महिलाओं, युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। कई बूथों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। चुनाव आयोग ने बताया कि दोनों चरणों का मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ, और कहीं भी बड़े पैमाने पर हिंसा या गड़बड़ी की खबर नहीं मिली।
एग्जिट पोल्स में एनडीए को बढ़त
मतदान खत्म होने के बाद आए एग्जिट पोल्स में एक बार फिर नीतीश कुमार और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया है। ज्यादातर सर्वे के अनुसार, एनडीए को आराम से बहुमत मिलने की संभावना है, जबकि तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 100 या उससे कम सीटें मिल सकती हैं। अगर एग्जिट पोल के आंकड़े सही साबित होते हैं, तो नीतीश कुमार लगातार नौवीं बार मुख्यमंत्री बन सकते हैं। हालांकि, विपक्ष का कहना है कि नतीजे चौंकाने वाले रहेंगे और जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
कब आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग ने बताया है कि गिनती 14 नवंबर, शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पहले दो-तीन घंटे में शुरुआती रुझान आने लगेंगे, जबकि शाम तक स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। 243 सीटों वाले बिहार विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है। राजनीतिक दलों के दफ्तरों और नेताओं के घरों पर अब से ही हलचल तेज हो गई है। पुलिस और प्रशासन ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
जनता की निगाहें अब नतीजों पर
बिहार के मतदाता अब 14 नवंबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि राज्य की दिशा और विकास नीति तय करने वाला माना जा रहा है। क्या एक बार फिर नीतीश कुमार को जनता का समर्थन मिलेगा या तेजस्वी यादव अपने गठबंधन के साथ नया अध्याय लिखेंगे - इसका जवाब अब बस कुछ ही घंटों में सामने होगा।












Click it and Unblock the Notifications