Bihar Election 2025: NDA में सीट बंटवारे पर सस्पेंस खत्म, इस दिन आएगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections 2025) को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। दलों में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है और सभी अपनी-अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। इसी बीच खबरें ऐसी आ रही हैं कि NDA में सीट शेयरिंग का पेंच सुलझ गया है और सब कुछ ठीक रहा तो कल कैंडिडेट की लिस्ट जारी हो सकती है।
भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने 10 अक्टूबर को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों में NDA में बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। उनके मुताबिक, "आने वाले 1-2 दिनों में बिहार की राजनीति में बड़ी भागदौड़ मचने वाली है। कई बड़े नेता NDA में शामिल होने जा रहे हैं।"

इससे पहले बिहार की सियासत में बड़ा उलटफेर होते हुए मुजफ्फरपुर से पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता अजय निषाद तथा उनकी पत्नी रमा निषाद बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होते ही अजय निषाद ने कहा कि वे अपने पुराने घर लौटे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार और देश में जो विकास हो रहा है, वही आज की राजनीति की दिशा तय कर रहा है।
NDA Seat Sharing: सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में बैठक
दिलीप जायसवाल ने बताया कि NDA में सीट शेयरिंग का मामला लगभग सुलझ चुका है। 11 अक्टूबर, शनिवार को दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जायसवाल ने कहा, "भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है और हमारे उम्मीदवारों का चयन पार्टी की उच्च स्तरीय समिति करेगी। संभवतः कल या परसों सीट बंटवारे और उम्मीदवारों की घोषणा हो जाएगी।"
'विपक्ष हताश, NDA की जीत तय'
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में विकास की गंगा बही है। जनता का रुझान NDA की ओर है, और विपक्ष अब हताशा में नई-नई कहानियां गढ़ रहा है।" जायसवाल ने दावा किया कि बिहार में NDA की सरकार भारी बहुमत से बनेगी और विपक्ष को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
'NDA में शामिल होने वालों की लगी कतार'
दिलीप जायसवाल ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, NDA की ताकत और बढ़ रही है। "अजय निषाद और रमा निषाद ने इस माहौल में घर वापसी की है। आने वाले दिनों में और भी कई नेता NDA में शामिल होंगे," उन्होंने कहा। बिहार में सीट बंटवारे को लेकर सस्पेंस अब जल्द ही खत्म होने वाला है। भाजपा नेतृत्व के मुताबिक, अगले 48 घंटों में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे और NDA एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications