भागलपुरः बगीचे में तस्कर को संदिग्ध अवस्था में गांव वालों ने पकड़ा फिर हथियार के साथ बनाया वीडियो
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के लोदीपुर स्थित जगतपुर बगीचे में कार्बाइन की डिलीवरी करने पहुंचे हथियार तस्कर की उस वक्त शामत आ गई जब रंगे हाथों गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद तस्कर को गांव वालों ने पेड़ से बांध दिया फिर उसके गले में कार्बाइन डालकर वीडियो भी बनाया। इसके बाद लोदीपुर थाना पुलिस को ग्रामीणों ने तस्कर के बारे में सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची फिर तस्कर को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। गिरफ्तार किया गया तस्कर नवगछिया के बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर गांव का निवासी है।

इशाकचक थाना क्षेत्र के एक अपराधी को हथियार की सप्लाई करने के लिए जगतपुर बगीचे में पहुंचा हुआ था। ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में एक अन्य युवक के साथ देखा तो हथियार तस्कर को दबोच लिया। जबकि स्थानीय साथी भागने में सफल रहा। इस दौरान गांव के सभी लोग बगीचे में आ गए और उसके गले में कार्बाइन को टांग दिया और वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद आनन-फानन में लोदीपुर के प्रभारी थानेदार चंदन कुमार पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।इसके बाद उसे थाने में लाया गया, जहां सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने पुलिस के साथ तस्कर से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने हथियार तस्करी मामले को लेकर कई अहम सुराग पुलिस को दिए। साथ ही उसने कई सफेदपोश लोगों के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके बारे में पुलिस अभी गोपनीयता बरत रही है।
सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने बताया कि लोदीपुर थान पुलिस को जगतपुर बजरंगबली चौक के पास बाइक पर दो संदिग्ध के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी की। इसी दौरान जगतपुर बगीचे से पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कार्बाइन के साथ हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया।
जबकि भागलपुर बरारी छोटी खंजरपुर का रहने वाला सरोज झा भागने में कामयाब रहा। सिटी डीएसपी ने कार्बाइन के साथ एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और एक बैग के बरामद होने की जानकारी दी। उन्होंने फरार हुए दूसरे आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने का दावा किया।












Click it and Unblock the Notifications