बेगूसरायः जहरीली शराब पीने से दो की मौत, तीसरे युवक की हालत गंभीर
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र के गोढ़ियारी गांव में जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों ने मंगलवार की देर रात को देसी शराब का सेवन किया था। इसके बाद घर आते ही तीनों की तबीयत खराब होने लगी। इस दौरान जब तक घर वालों को कुछ समझ में आता तब तक 3 में से 2 लोगों ने दम तोड़ दिया।

इसके बाद तीसरे युवक को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस दलबल के साथ वहां पहुंची और शवों को अंतिम संस्कार करने से रोक दिया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बखरी SDM अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि 3 लोगों के शराब पीने की जानकारी मिली थी। इसमें से 2 की मौत हुई है।
दोनों के शवों का अंतिम संस्कार उनके परिजन कर रहे थे, जिसे पुलिस-प्रशासन ने समय पर रोक दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों युवकों के मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जहरीली शराब मामले की भी जांच की जा रही है।
इसके अलावा जहरीली शराब पीने से मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड के ईटहा गांव के बोलेरो चालक अशोक कुमार राय उर्फ सुजीत राय (25) की मौत सोमवार की शाम हो गई थी। उसने इलाज के दौरान जूरनछपरा स्थित एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications