Bakhtiyarpur Assembly Seat: यादवों का किला किसके नाम? NDA को नए चेहरे की तलाश!, महागठबंधन को किस पर भरोसा?
Bakhtiyarpur Assembly Seat: पटना ज़िले की बख्तियारपुर विधानसभा सीट पर 2025 का चुनाव एनडीए और महागठबंधन के लिए सिर्फ सत्ता का खेल नहीं, बल्कि साख और जातीय समीकरणों की जंग बनने जा रहा है। कभी कांग्रेस का गढ़ रही यह सीट अब बीजेपी और आरजेडी के बीच सीधे टकराव की ज़मीन बन चुकी है। ऐसे में इस बार का चुनावी समर नए समीकरण, पुराने मुद्दे और बदलते चेहरे के इर्द-गिर्द घूमता दिखाई दे रहा है।
बख्तियारपुर: राजनीतिक इतिहास और बदलता समीकरण
बख्तियारपुर विधानसभा का सियासी सफर बेहद दिलचस्प रहा है। 1995 तक कांग्रेस का गढ़ रही इस सीट पर अब तक तीन-तीन बार आरजेडी और बीजेपी के प्रत्याशी विधायक बन चुके हैं। 2020 में आरजेडी के अनिरुद्ध यादव ने बीजेपी के रणविजय यादव उर्फ लल्लू मुखिया को हराकर सीट पर कब्जा किया था। माना जा रहा है कि आरजेडी इस बार भी अनिरुद्ध यादव को ही दोबारा मैदान में उतार सकती है।

बीजेपी में अंदरूनी खींचतान और संभावित नया चेहरा
बीजेपी के लिए बख्तियारपुर नाक की लड़ाई है। परंपरागत रूप से यह सीट बीजेपी के खाते में जाती रही है, लेकिन 2020 की हार के बाद पार्टी नए चेहरों की तलाश में है। लल्लू मुखिया की लगातार हार और स्थानीय जनाधार में गिरावट से उनकी दावेदारी कमजोर हुई है। दूसरी ओर, पूर्व विधायक विनोद यादव का अब पार्टी से रिश्ता नहीं रहा। ऐसे में पार्टी किसी नए, मजबूत और ज़मीनी कार्यकर्ता पर दांव लगाने की तैयारी में है।
सुधीर कुमार यादव: नया नाम, पुराना संघर्ष
इस बीच भाजपा कार्यकर्ता सुधीर कुमार यादव का नाम तेजी से उभर रहा है। 1999 से ही बीजेपी के साथ सक्रिय रह चुके सुधीर यादव ने लालू-राबड़ी राज में भी बीजेपी का झंडा उठाए रखा। वे कृष्नौत यादव वर्ग से आते हैं, जो बख्तियारपुर की लगभग 40 हज़ार की आबादी वाला प्रभावशाली उपवर्ग है। शत्रुघ्न सिन्हा के सांसद प्रतिनिधि रहे सुधीर यादव ने स्थानीय स्तर पर पार्टी को मज़बूती दी है और अब टिकट की दौड़ में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
जातीय समीकरण: यादव बनाम बाकी, लेकिन बिखराव का खतरा
बख्तियारपुर में यादव वोटर्स की संख्या करीब 90 हज़ार है, जो किसी भी उम्मीदवार के लिए निर्णायक ताकत है। परंतु यादवों में कृष्नौत, कान्तह, ग्वाल आदि उपवर्गों में विभाजन का असर भी चुनावी गणित में बड़ा रोल निभा सकता है।
इसके अतिरिक्त लगभग 40 हज़ार राजपूत, 30 हज़ार भूमिहार, 20 हज़ार मुस्लिम, 15 हज़ार कुर्मी, और 40 हज़ार वैश्य-अति पिछड़ा समुदाय भी समीकरण को जटिल बनाते हैं। इस जातीय विविधता में जिस पार्टी का उम्मीदवार बहुसंख्यक वर्गों को साध लेगा, वही सीट पर कब्जा करेगा।
विपक्ष में हलचल: महागठबंधन और जनसुराज की रणनीति
महागठबंधन में आरजेडी अभी तक अनिरुद्ध यादव पर भरोसा कायम रखे हुए है। हालांकि जनसुराज और जेडीयू जैसे दल भी बैकफुट पर नहीं हैं। जनसुराज अपने समर्पित स्वच्छ छवि के उम्मीदवार उतार कर तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर सकता है। वहीं जेडीयू शायद यहां से खुद चुनाव न लड़े, लेकिन रणनीतिक तौर पर किसी उम्मीदवार का समर्थन कर सकता है।
स्थानीय मुद्दे: विकास बनाम अस्तित्व की लड़ाई
बख्तियारपुर के मतदाताओं के लिए जाति से ज्यादा अहम है बुनियादी सुविधाओं की समस्या।
घोसवरी दियारा और अन्य नदी पार इलाकों में पुल, सड़क और बाढ़ से सुरक्षा आज भी अधूरी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में।
बेरोजगारी और पलायन एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन और उसके आसपास का अतिक्रमण और यातायात की अव्यवस्था भी लोगों की परेशानी का कारण है।
जातीय गोलबंदी, स्थानीय मुद्दे और प्रत्याशियों की छवि महत्वपूर्ण
2025 में बख्तियारपुर विधानसभा सीट का चुनाव जातीय गोलबंदी, स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशियों की छवि के इर्द-गिर्द घूमने वाला है। जहां एक ओर आरजेडी अपनी सीटिंग ताकत और यादव वोट बैंक पर भरोसा कर रही है, वहीं बीजेपी अब पुराने चेहरों से आगे बढ़कर जमीनी कार्यकर्ता को सामने लाने की कवायद में है।
जनसुराज जैसे नए खिलाड़ियों की मौजूदगी भी समीकरण को और पेचीदा बना रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बख्तियारपुर एक बार फिर सत्ता परिवर्तन का गवाह बनेगा या फिर स्थायित्व की राह पर आगे बढ़ेगा?












Click it and Unblock the Notifications