बिहारः पूर्व पार्षद की हत्या के मामले में JDU विधायक रिंकू सिंह के खिलाफ FIR दर्ज
पश्चिमी चंपारण। बिहार के हत्या से जुड़े मामले में जदयू विधायक का नाम सामने आने से हड़कंप मचा हुआ है। पश्चिमी चंपारण के बगहा थाना क्षेत्र में पूर्व जिला पार्षद की हत्या के मामले में वाल्मीकि नगर विधानसभा के जदयू विधायक रिंकू सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की गई है। बगहा के एसपी किरण कुमार जाधव ने बताया कि पूर्व जिला पार्षद दया वर्मा उर्फ दयानंद वर्मा की पत्नी कुमुद वर्मा के आवेदन पर वाल्मीकि नगर विधानसभा के विधायक रिंकू सिंह के साथ-साथ शकील और बबलू कुमार समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

एसपी ने बताया कि हत्या से जुड़े इस मामले में पुलिस सख्ती से छानबीन कर रही है। बता दें कि बिहार के बगहा में पूर्व जिला पार्षद दया वर्मा की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूर्व जिला पार्षद दया वर्मा बगहा में सड़क पर समर्थकों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक से आए बाइक सवारों अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी के बाद गंभीर रूप से घायल दया वर्मा को अनुमंडल अस्पताल भेजा गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हत्या की इस घटना से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हत्याकांड के इस मामले में एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ करने की भी सूचना है।
वहीं पुलिस मामले में हत्या से जुड़ी जानकारी देने से परहेज कर रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पूर्व जिला पार्षद दया वर्मा ठेकेदार भी थे। इसके चलते कयास लगाया जा रहा है कि ठेके के विवाद के चलते उनकी हत्या की गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications