Jehanabad: नीतीश के करीबी रहे स्व. अकबर इमाम के बेटे ने पूर्व सांसद अरुण कुमार के लिए मांगा वोट
Jehanabad Lok Sabha Seat: बिहार की हॉट लोकसभा सीटों में जहानाबाद सीट को भी शुमांर किया जाने लगा है। यहां से बसपा की टिकट पर पूर्व सांसद अरुण कुमार चुनावी मैदान में हैं। वहीं एनडीए समर्थित उम्मीदवार जदयू प्रत्याशी चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी चुनावी मैदान में हैं।
इंडिया गठबंधन की तरफ़ से सुरेंद्र यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष निर्दलीय चुनावी ताल ठोक रहे हैं। पूर्व सांसद अरुण कुमार के समर्थन में उतरे मुजम्मिल इमाम ने वन इंडिया हिंदी से ख़ास बातचीत की। उन्होंने वजह बताई कि क्यों वह डॉ. अरुण कुमार के साथ आए।

मुजम्मिल इमाम ने कहा कि आज के दौर में राजनीति धर्म और जातपात के नाम पर हो रही है। जहानाबाद को धर्म और जातपात के नाम पर समाज को बांटने वाले नेता की ज़रूरत नहीं है। हम लोगों को विकसित और विकासशील नेता चाहिए जो हम लोगों के सुख दुख में हमेशा खड़ा रहे।
पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की जनता के लिए कितना कुछ किया है। यह बात किसी से छुपी नहीं हुई है। यह चुनाव सिर्फ़ अरुण कुमार की अस्मिता का सवाल नहीं है। यह पूरे जहानाबाद की अस्मिता का सवाल है। अब वक्त आ गया है कि धर्म और जात पात से ऊपर उठकर प्रत्याशी के नाम पर वोट करें।
पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार आज बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। अगर वह एनडीए समर्थित या फिर इंडिया समर्थित उम्मीदवार भी होते तो मैं उनके समर्थन में वोट मांगता और चुनाव प्रचार करता। जब उनसे सवाल किया गया कि आपके पिता सीएम नीतीश के करीबी नेताओं में शुमार किए जाते थे और आप जदयू छोड़ दूसरे प्रत्याशी का चुनावी प्रचार कर रहे हैं।
इस सवाल के जवाब में मुज़म्मिल इमाम (स्व. अकबार इमाम के पुत्र) ने कहा कि मैंने कोई पार्टी और गठबंधन देखकर समर्थन नहीं किया है। मैंने प्रत्याशी देखकर समर्थन किया जो कि धर्म और जात पात से ऊपर उठकर जनता की सेवा करते आए हैं। जब वह किसी पद पर नहीं थे, तब भी जनता की सेवा कर रहे थे। इसलिए हमने यह फ़ैसला लिया है कि वैसे प्रत्याशी को जिताएं जो जीतने के बाद जनता के बीच में रहे। हेलिकॉप्टर उम्मीदवार नहीं हो।












Click it and Unblock the Notifications