Ajab-Gazab: युवक के काटने से सांप की मौत, संतोष के कारनामे से सभी लोग हैरान, बताया क्यों किए ऐसा?
Nawada Snake Byte: बिहार के नवादा से एक हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है, जहां सांप के डसने से युवक की मौत नहीं हुई, बल्कि युवक के काटने से सांप मर गया। आपको भी यह सुनकर हैरानी हो रही होगी कहीं ऐसा भी होता है। जी हां, बिल्कुल ऐसा ही हुआ है, यह कोई फिल्म का स्क्रिप्ट नहीं है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है?
नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में सांप ने एक व्यक्ति को डस लिया। इसके बात से गुस्साए युवक ने सांप को पकड़ा और एक बार नहीं बल्कि तीन बार दांतों से काट लिया। इससे सांप वहीं मर गया। ग़ौरतलब है कि युवक को सांप ने डसा तो कुछ नहीं, वह ख़तरे से बाहर है। वहीं सांप ही की मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि संतोष नाम का युवक रजौली थानाक्षेत्र के जंगली इलाके में रेलवे लाइन बिछाने का काम करने गया हुआ था। सभी मज़दूर बेस कैंप में सोए हुए थे, देर रात ज़हरीले सांप ने अचानक युवक को डस लिया। इस बात से उसे गुस्सा आया औऱ उसने भी सांप को काट लिया।
युवक की पहचान लातेहार ज़िला (झारखंड) निवासी संतोष लोहार के रूप में हुई है। रेलवे अधिकारियों को जैसे ही मामले की सूचना मिली, वह तुरंत मौक़े पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। युवक का इलाज करने वाले डॉक्टर सतीश चंद्र ने बताया कि इलाज के लिए युवक को भर्ती करवाया गया था, जो कि अब ख़तरे से बाहर है।
युवक द्वारा सांप को काटने की जानकारी जब अस्पताल में मौजूद लोगों को हुई तो, उन्होंने संतोष से पूछा कि सांप को क्यो काट लिया, डर नहीं लगा। इस पर उसने कहा कि गांव में यह एक टोटका माना जाता है कि अगर सांप एक बार डसे तो, आप उसे दो बार काट लो, इससे ज़हर नहीं लगेगा। इसलिए सांप को काट लिया। वन इंडिया हिंदी इस तरह के टोटके का किसी भी प्रकार से समर्थन नहीं करता है। यह सिर्फ़ युवक द्वारा दिया गया बयान है।












Click it and Unblock the Notifications