AI की मदद से होगा चालान, पटना के बाद अब इन 26 ज़िलों में लागू होगी व्यवस्था, भूलकर भी नहीं करें ये ग़लती
Bihar AI Traffic Rules: बिहार में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर नज़र रखने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अब पटना सहित राज्य के 26 जिलों में यातायात नियमों का पालन न करने वालों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ स्वचालित चालान जारी किए जाएंगे।
हेलमेट न पहनने जैसे नियमों का उल्लंघन इस प्रक्रिया के मुख्य लक्ष्यों में से एक होगा। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा में सुधार लाना और दुर्घटनाओं को कम करना है। परिवहन मंत्री शीला मंडल के अनुसार, इस व्यवस्था से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति लोग अधिक जागरूक होंगे।

इस उम्मीद के साथ कि नई तकनीक से जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, बिहार की सरकार ने मार्च तक इस व्यवस्था को लागू करने और 1 अप्रैल, 2025 से इसे पूर्णतया कार्यान्वित करने की योजना बनाई है। परिवहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कैसे इसे अमल में लाए जाएंगे।
26 जिलों के 72 महत्वपूर्ण चौराहों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के जरिए इस पहल को अंजाम दिया जाएगा। इसका मकसद नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना, दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाना और यातायात के नियमों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करना है।
इस व्यवस्था के अंतर्गत, मधेपुरा, सुपौल, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, समस्तीपुर, मधुबनी, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, बांका, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बक्सर, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, गोपालगंज, सीवान, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, खगड़िया और मोतिहारी जैसे जिले शामिल हैं।
इसके अलावा, चार स्मार्ट सिटी वाले जिलों सहित 9 अन्य जिलों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए लगाए जाएंगे, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी नज़र रखी जा सकेगी। 2023 में, बिहार में हेलमेट न पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में 1389 लोगों की मौत हो गई और 905 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
इन मौतों में 882 दोपहिया वाहन चालक और 507 पीछे बैठे सवारी शामिल थे, जिन्होंने दुर्घटना के समय हेलमेट नहीं पहना था। ये आंकड़े इस बात की ओर इशारा करते हैं कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने की वजह से होती हैं। इस नई तकनीक के लागू होने से पहले, लोगों को इस बारे में जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यह अभियान यातायात नियमों के महत्व और सड़क पर सुरक्षित रहने की आवश्यकता पर केंद्रित होगा। इस पहल से उम्मीद है कि निवासियों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी।












Click it and Unblock the Notifications