Bihar Weather News: बंगाल की खाड़ी से उठा ‘मोंथा’ तूफान अब करीब, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Bihar Weather News: बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'मोंथा' अब राज्य के करीब पहुंच गया है। इसका असर मंगलवार शाम से ही दिखने लगा जब अरवल, जहानाबाद समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 और 31 अक्टूबर को इसका असर चरम पर रहेगा। कई जिलों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम
बुधवार को बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार बने हुए हैं। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य भर में आसमान में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज़ गति की हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में तापमान में 2-3°C तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज दिन का अधिकतम तापमान 30°C से 32°C और रात का न्यूनतम तापमान 20°C से 22°C रहने का अनुमान है।

30 और 31 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
30 और 31 अक्टूबर को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और सुपौल जिलों में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 31 अक्टूबर को मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में अति भारी बारिश जबकि पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज़ हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ 'मोंथा' चक्रवाती तूफान
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'मोंथा' अब एक गंभीर चक्रवात में तब्दील हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान 28 अक्टूबर की सुबह तक गंभीर रूप ले चुका था और अब आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच काकीनाडा के पास तटीय इलाकों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
तट से टकराने के बाद यह तूफान धीरे-धीरे कमज़ोर होकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए झारखंड की ओर बढ़ेगा।
अनुमान है कि यह 30 अक्टूबर तक झारखंड और आसपास के इलाकों में निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा और बिहार में भारी बारिश का कारण बनेगा।
किसानों और आम लोगों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि फसलों की कटाई और भंडारण पर विशेष ध्यान रखें, जबकि आम लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। राज्य प्रशासन ने भी संवेदनशील जिलों में अलर्ट जारी किया है और आपदा प्रबंधन टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications