छठी क्लास के छात्र से प्रिंसिपल बनाता था अप्राकृतिक संबंध, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पटना। बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक बार फिर गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने छठी क्लास में पढ़ने वाले छात्र के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। छात्र के द्वारा जब कभी इस बात का विरोध किया जाता तो उसे तरह-तरह की धमकी दी जाती।

हैवान प्रिंसिपल के डर से छात्र इस कदर भयभीत हो चुका था कि वह स्कूल जाने के नाम पर रोने लगता था। इस बात का खुलासा तब हुआ जब कल स्कूल से रोते-बिलखते छात्र अपने घर पहुंचा और जब परिजनों ने उसके रोने का कारण पूछा तो उसने शिक्षक की हकीकत बताई जिसे सुनने के बाद सभी सन्न रह गए। मामले की जानकारी नजदीकी थाने में देते हुए शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया का है जहां छठी क्लास में पढ़ने वाले छात्र ने नगर के शिवालय मंदिर रोड स्थित शिवाजी जेएमडी स्कूल के प्रिंसिपल नगर पंचायत के वार्ड नंबर- 21 सेखौना के विनय कुमार भारती पर अप्राकृतिक यौनाचार का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले में पीड़ित छात्र का कहना है कि प्रिंसिपल जान से मारने की धमकी देते हुए पिछले 3 सालों से अप्राकृतिक यौनाचार कर रहा था। जब कभी इस बात का विरोध करता तो उसके साथ मारपीट करते हुए पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी जाती थी। शिक्षक की धमकी से छात्र बुरी तरह डर चुका था और वह किसी तरह इस बात का खुलासा करना चाहता था।
शनिवार को दोपहर की स्कूल की छुट्टी हो जाने के बाद शिक्षक ने उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया जिसके बाद छात्र रोता बिलखता अपने घर पहुंचा और परिवार वालों के द्वारा पूछे जाने पर शिक्षक की करतूत बताई तथा शरीर पर पिटाई के दाग दिखाए जिसके बाद परिवार वाले उसे लेकर स्कूल गए और प्रिंसिपल से पूछताछ करने लगे। प्रिंसिपल परिवार वालों को बर्बाद करने की धमकी देने लगा जिसके बाद सभी थाने पहुंचे और हैवान शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
मामले की जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि छठी क्लास में पढ़ने वाले नाबालिक छात्र ने अपने स्कूल के प्रिंसिपल पर अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप लगाया है। जिसके आवेदन पर जांच करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications