बिहारः बाढ़ में डूबने से चली गई 13 लोगों की जान, मुजफ्फपुर में सात डूबे
पटना। बिहार में इन दिनों लोगों के सामने समस्याओं का कहर टूटा हुआ है। आम जनता कोरोना जैसी गंभीर बीमारी के साथ-साथ बाढ़ की समस्याओं से भी जूझ रही है। उत्तर बिहार के अलग-अलग जिलों में गुरुवार को अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई, जिसमें मुजफ्फरपुर में सात, मधुबनी में तीन और पश्चिम चंपारण में तीन लोगों के डूबने से मौत हो गई।

वहीं मुजफ्फरपुर में छह लोगों की मौत हो गई जबकि एक की तलाश जारी है। जिले के सकरा प्रखंड की रामपुरमनी पंचायत के मझौली पचदही गांव में बकरी चराने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। उसकी पहचान मो. जाहिर के 16 वर्षीय पुत्र मो. खुर्शीद के रूप में हुई। सकरा के ही मुशहरी राम गांव में डूबने से संजय कुमार ठाकुर की मौत हो गई।
अहियापुर थाना के बेला पचगछिया गांव के राजा महतो का बेटा उमेश महतो मजदूरी कर के लौट रहा था तभी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं मिठनसराय में विनोद साह की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। इधर, सरैया थाना के राजारामपुर गांव में झाझा नदी की बाढ़ में रुपौली निवासी 20 वर्षीय निड्डू कुमार डूब गया।
उसके साथी सुबोध कुमार को लोगों ने बचा लिया। एनडीआरएफ की टीम निड्डू को खोज में जुटी हुई है।वहीं पारू की कोइरिया निजामत पंचायत के नया टोला में बाया नदी की बाढ़ में घिरे घर से सामान निकालने गई महिला डूब गई। उसकी पहचान गांव के कपिलदेव राम की पत्नी 50 वर्षीय गुलाबो देवी के रूप में हुई है।
मीनापुर थाना के मानिकपुर गांव निवास दिलीप कुशवाहा (65) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने उनके घर के नजदीक जमे पानी से शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पश्चिम चंपारण के ठकराहां के मोतीपुर गांव की दो युवतियां पंचायत सरकार भवन के समीप सरेह में पोखरा के किनारे पानी में घास काटने गईं परमा यादव की बेटी अर्चना कुमारी (18) और लालू यादव की बेटी मनीषा कुमारी (19) डूब गई।
वहीं बगहा एक प्रखंड की हरदी नदवा पंचायत के कौलाची गांव में सिकटी नदी में डूबने से बिन्दा साह के पुत्र 30 वर्षीय राजू साह की मौत हो गई। इसके अलावा मधुबनी के अंधराठाढ़ी प्रखंड की मैलाम पंचायत स्थित तिलई गांव में तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमन यादव (9) पिता बौआजी यादव, रिंकी कुमारी (8) पिता काशी यादव, बबीता (07) पिता रंजीत यादव के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications