ओडिशा में अगले 2-3 साल के अंदर कैंसर केयर के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं- नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, जुलाई 15। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ओडिशा को अगले 2-3 साल में कैंसर केयर का हब बनाना चाहते हैं। गुरुवार को उन्होंने आचार्य हरिहर पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर में MRI और CT स्कैन की सेवाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम ओडिशा को अगले 2-3 साल में कैंसर केयर के क्षेत्र में सबसे आगे देखते हैं। सीएम ने कहा कि इसके लिए ओडिशा को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के कैंसर रोगियों को अब इलाज के लिए अन्य शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि राज्य सरकार ओडिशा के भीतर आधुनिक सुविधाएं स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि AHPGIC में मौजूदा सुविधाओं को उन्नत और विस्तारित किया जा रहा है ताकि इसे देश में एक प्रमुख कैंसर उपचार सुविधा केंद्र बनाया जा सके।
नवीन पटनायक ने कहा कि हम रेडियोथेरेपी यूनिट के अलावा कीमोथेरेपी पर भी ध्यान देंगे। सीएम ने कहा कि हम राज्य के विभिन्न जिलों में नए लोगों के लिए बेहतर कैंसर केयर सेंटर के निर्माण पर ध्यान दे रहे हैं, जिसमें मरीजों का इलाज हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कैंसर रोगियों को एमआरआई और सीटी स्कैन सेवाओं का लाभ उठाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है लेकिन अब यह सेवाएं राज्य सरकार की 'निदान' योजना के तहत मरीजों को नि:शुल्क उपलब्ध होंगी।












Click it and Unblock the Notifications