ओडिशा: CM नवीन पटनायक ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1690 करोड़ के पैकेज का किया ऐलान
भुवनेश्वर, जून 18। कोरोना की दूसरी लहर में ओडिशा का कमजोर और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। इन दोनों वर्गों के सामने वित्तीय संकट आ खड़ा हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इन वर्गों के लिए 1690.46 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान से भूमिहीन किसानों, निर्माण मजदूरों, शहरी गरीबों, आदिवासियों, राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों, मनरेगा श्रमिकों और दिव्यांग छात्रों को फायदा पहुंचेगा।

नवीन पटनायक ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए राज्य लॉकडाउन लगाया था, लेकिन उस लॉकडाउन में तमाम आर्थिक गतिविधियां बंद होने की वजह से राज्य में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री की तरफ से घोषित किए गए आर्थिक पैकेज के अनुसार, कालिया योजना के तहत भूमिहीन किसानों के कुल 17.38 लाख परिवारों को एक-एक हजार रुपये की विशेष सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आगे घोषणा की कि कालिया योजना के तहत भूमिहीन किसानों को तीन किस्तों में 207 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में शहरी गरीबों को कमाई का स्रोत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार 'मुक्ता योजना' लागू कर रही है। पटनायक ने आगे बताया कि दिसंबर 2021 तक 114 नगरपालिका क्षेत्रों में रहने वाले गरीब लोगों को 260 करोड़ रुपये का कार्य प्रदान किया जाएगा।
वहीं मनरेगा कार्यक्रम के तहत काम करने वाले मजदूरों को दैनिक वेतन से अधिक 50 रुपये प्रति दिन की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। राज्य सरकार 21 अप्रैल से 21 जून तक बढ़े हुए वेतन के लिए 300 करोड़ रुपए का खर्च उठाएगी। सरकार ने इस अवधि के दौरान मनरेगा के तहत छह करोड़ व्यक्ति कार्य दिवस बनाए। इसके अलावा राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को जुलाई से 21 नवंबर तक प्रत्येक को पांच किलो चावल मुफ्त मिलेगा। सरकार मुफ्त चावल के वितरण के लिए 92.86 करोड़ रुपये वहन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications