ओडिशा के चार पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट जांच के लिए मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री पदक
भुवनेश्वर: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को 151 पुलिसकर्मियों की सूची जारी की, जिन्हें इस साल जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। खास बात ये है कि इसमें ओडिशा के चार पुलिस कर्मियों के भी नाम शामिल हैं। ये पुलिसकर्मी डीएसपी सुमित्रा जेना, इंस्पेक्टर आशीष चंद्र जेना, अनुसूया नायक और रमेश कुमार प्रधान हैं। इन पुलिसकर्मियों के नाम का ऐलान होते ही पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इनको बधाई दी।

मंत्रालय के मुताबिक इन पुरस्कारों को प्राप्त करने वाले कर्मियों में CBI के 15, महाराष्ट्र पुलिस के 11, MP पुलिस और यूपी पुलिस के 10-10, केरल पुलिस, राजस्थान पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के 8-8 और अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें 28 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
2018 में हुई थी शुरुआत
वैसे तो आतंकियों, अपराधियों और नक्सलियों के खिलाफ सफल ऑपरेशन चलाने वाले अधिकारियों और जवानों को तो हर साल सम्मानित किया जाता है, लेकिन अपराध की अच्छे से जांच कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को कोई सम्मान नहीं मिलता था। ऐसे में 2018 में तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह इस पुरस्कार की शुरुआत की, जिसमें पेशेवर रवैये को बढ़ाने, ईमानदारी, कर्त्तव्यनिष्ठा व काम से असाधारण साहस का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications