Bhopal News: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ऐसा क्यों कहा- टैक्स पर सवाल पूछना पसंद नहीं, जानिए
Bhopal News: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज राजधानी भोपाल पहुंची जहां उन्होंने भाषण के दौरान एक बड़ी बात कह दी, जिसके बाद उनका यह बयान चर्चाओं का विषय बन गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि लोग टैक्स पर सवाल करते हैं यह बात उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है।
दरअसल, वित्त मंत्री भोपाल में इंडियन इंस्टीट्यूट आफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंची थी। इस दौरान सीतारमण ने कहा, 'लोग अक्सर सवाल उठाते हैं कि इतने सारे टैक्स क्यों हैं, और मुझे यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता।

मैं चाहती हूं कि टैक्स को जीरो पर लाया जाए, लेकिन हमारे सामने कई चुनौतियां हैं। इसके लिए हमें फंड की जरूरत है। हमारे देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई कमिटमेंट्स हैं। हम दूसरों से पैसे की उम्मीद नहीं कर सकते, इसलिए हमें खुद ही खर्च करना पड़ता है। इसके लिए बड़ी मात्रा में धन की आवश्यकता होती है।'
इस दौरान, वित्त मंत्री ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान परिसर में शैक्षणिक भवन और व्याख्यान कक्ष का शिलान्यास किया। साथ ही, 442 रिसर्चर्स को डिग्रियां भी प्रदान कीं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत में चीन के छात्रों की बढ़ती संख्या पर टिप्पणी करते हुए कहा कि समाज को वास्तविक लाभ तब होगा जब आप अपने ज्ञान को समाज में साझा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संस्थान में कई छात्र केरल और बंगाल से हैं, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
आईआईएसईआर ने 3 हजार शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और देशभर में इसकी रैंकिंग भी अच्छी है। यहाँ के छात्रों की मेहनत के फलस्वरूप 8 से 9 पेटेंट भी प्राप्त हुए हैं। केरल और बंगाल के छात्र खासतौर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, और आदि शंकराचार्य जैसे महान दार्शनिक भी केरल से थे। बनारस से लेकर केरल तक भारतीय परंपरा की गहराई देखी जा सकती है।
वित्त मंत्री ने विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही आप यहाँ से डिग्री प्राप्त करने के बाद नौकरी करें, विज्ञान पर काम करने के लिए समय निकालना आपके लिए मुश्किल नहीं होगा।
उन्होंने डेटा साइंस में अधिक शोध की आवश्यकता पर भी जोर दिया, विशेषकर नई तकनीकों के साथ। सीतारमण ने 4जी नेटवर्क की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 5जी ने देशभर में कनेक्टिविटी में सुधार किया है। उन्होंने बताया कि भारत अब उन्नत रसायन विज्ञान के साथ काम कर रहा है और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़ा अवसर है। सोलर ऊर्जा को स्टोर किया जा सकता है, और थर्मल पावर से भी ऊर्जा प्राप्त हो रही है। काम के साथ-साथ विज्ञान में नए प्रयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications