सतना: वोटिंग शुरू होते ही ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार, समझाने में जुटे अधिकारी
सतना, 8 जुलाई: मध्य प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे और आखिरी चरण की मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी बीच सतना जिले की मैहर जनपद पंचायत भाटिगवा ग्राम पंचायत के उफरी गांव के ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रोड नहीं, तो वोट नहीं दिया जायेगा।

11:00 बजे तक मतदाता नहीं पहुंचे पोलिंग बूथ
दरअसल, सतना जिले के मैहर जनपद पंचायत के भाटिगवा ग्राम पंचायत के उफरी गांव के लोगों ने वोट बहिष्कार का ऐलान कर दिया। तीसरे चरण के मतदान के लिए उफरी गांव स्थित बूथ संख्या 233 पर मतदानकर्मी इंतजार करते रहे, लेकिन 11 बजे तक कोई भी व्यक्ति वोट डालने के लिए नहीं पहुंचा। इसके बाद पीठासीन अधिकारी गांव में पहुंच गए।

प्रशासन समझाने में लगा
गांव के लोगों द्वारा पीठासीन अधिकारी और अधिकारियों को देखकर नारेबाजी शुरू कर दी गई। अधिकारी गांव वालों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, तो वहीं ग्रामीण किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब चुनाव आता है, तो नेता से लेकर प्रशासन तक सभी गांव में आते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही ये सभी गायब हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने गांव में नेता को नहीं घुसने दिया
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर गांव में कोई काम नहीं होता है। यहां तक गांव के लिए एक सड़क तक नहीं बनवाई गई है। सड़क न होने के चलते ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हमने अब तक अपने गांव में किसी भी नेता को नहीं घुसने दिया है।

मतदान से पहले ग्रामीणों ने बहिष्कार का किया था ऐलान
मतदान से पहले भी ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार करने की का एलान किया था, इसके बाबजूद जिला प्रशासन समस्या के निदान के लिए कोई कदम नही उठाया और आज ग्रामीण बूथ के 100 मीटर दूर बैठे है। मतदान के 4 घण्टे से ज्यादा समय बीत गया मगर एक भी मतदान नही हुआ। हालांकि प्रशासन गांव में पहुंच कर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है।

जिले में इतने पर्सेंट हुआ वोट
पंचायत निर्वाचन के तीसरे और अंतिम चरण में सतना जिले के रामपुर बाघेलान और मैहर जनपद पंचायत की 212 पंचायतों में पंच-सरपंच तथा जनपद-जिला पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए वोटिंग पड़ रही है। वहीं अब तक सतना में सुबह 7 से 9 बजे तक औसत 15.9 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमें मैहर 17.3 प्रतिशत और रामपुर 14.5 औसतन मतदान हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications