MP: कांग्रेस में CM फेस को लेकर मचा घमासान, सज्जन बोले- कमलनाथ ही चेहरा, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने दी सफाई
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के बयान के बाद बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ दुर्गेश केसवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कॉन्ग्रेस गुटों, धड़े और कबीलों में बटी हुई है।

MP Election 2023: मध्यप्रदेश में भले ही अभी विधानसभा चुनाव नहीं हुए हैं, लेकिन उसके पहले ही कांग्रेस पार्टी में सीएम फेस को लेकर प्रदेश कांग्रेस बटी हुई नजर आ रही है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने शनिवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि एमपी विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरा कमलनाथ ही होंगे। उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। जबकि नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा था कि सीएम का चेहरा चुनाव हार जाए तब क्या होगा? कांग्रेस के भीतर मचे इस घमासान को लेकर बीजेपी ने तंज कसना शुरू कर दिया है। बीजेपी प्रवक्ता दुर्गेश केशवानी ने कांग्रेस को बटी हुई बताया है। हालांकि कुछ घंटों बाद ही गोविंद सिंह के सुर बदल गए और उन्होंने कमलनाथ को अपना नेता बताया है।
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा बोले मुख्यमंत्री के फेस पर नहीं होगी चर्चा
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि डॉ गोविंद सिंह नेता प्रतिपक्ष बने क्या विधायकों ने उन्हें चुना। आप वरिष्ठ तो आपको बना दिया गया। इसलिए हमने भी चुन लिया। इसी तरह कमलनाथ जी के नाम पर प्रदेश में कांग्रेस का वोट बढ़ेगा। उन्होंने 15 महीने की सरकार में जिस तरह से काम किए थे। वह लोगों के लिए प्रेरणा है। अब गोविंद सिंह जी को जो कहना है, वह कहें। समाजवादी विचारधारा तो यह है कि अपने लिए आप जो व्यवहार चाहते हैं, वह दूसरों के लिए करना पड़ेगा। सभी वरिष्ठ नेता जिसमें मैं और गोविंद सिंह जी भी मौजूद थे। 22 नेताओं की बैठक में कहा गया था कि मुख्यमंत्री के चेहरे पर चर्चा नहीं होगी। हमारे नेता कमलनाथ जी हैं। उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेंगे। यह क्लिपिंग है, ऑन रिकॉर्ड है।
गोविंद सिंह ने कहा था चुने हुए विधायक लेंगे निर्णय
नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस में सीएम फेस को लेकर कहा था कि पहले से सीएम का चेहरा घोषित कर दो। वो चुनाव हार जाए तो सीएम का फेस कैसे बनेगा? जब चुनकर आ जाते हैं, तो जिसे विधायक चाहते हैं जिसे पब्लिक जाती है वह बनता है हमने कह दिया कि यह व्यक्ति सीएम फेस है। वो चुनाव हार गया, फिर क्या होगा? इसलिए कांग्रेस में यह पद्धति नहीं होती। प्रजातांत्रिक पार्टी है। प्रजातंत्र में जनता के चुने हुए प्रतिनिधि निर्णय लेंगे।
डॉ गोविंद सिंह के बदले सुर
हालांकि मीडिया में खबरें चलने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के सुर बदल गए। उन्होंने सफाई देते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा कि मीडिया और समाचार पत्रों ने मेरे बयान को गलत तरीके से छापा है। कमलनाथ ही हमारे नेता हैं। ये सच्चाई है कि मध्यप्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं ने कमलनाथ जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
कांग्रेस नहीं कर पा रही सीएम चेहरा घोषित- बीजेपी प्रवक्ता केसवानी
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ दुर्गेश केसवानी ने नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह के मुख्यमंत्री चेहरे के बयान को कांग्रेस की अंर्तकलह बताया है। उन्होंने कहा कि अलग अलग धड़ों में बटी कांग्रेस और कबीलों में बटी कांग्रेस आज इसलिए लडाई लड़ रही है कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। जबकि कमलनाथ खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा बता रहे है। केसवानी ने कहा कि कांग्रेस एक जुट होने का कितना भी ढोंग रच ले, लेकिन उनके ही नेता कलई खोल देते है। सार्वजनिक मंचों पर जिस तरह कांग्रेस नेता एक दूसरे को लेकर छिछालेदार कर रहे है, वह कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनता से कोई लेना देना नहीं है। इन्होंने कभी भी जनता की लडाई नहीं लडी। इसलिए 15 महीने में ही कमलनाथ सरकार औंधे मुंह गिर गई।












Click it and Unblock the Notifications