बीएसपी के पूर्व महापौर ने थामा कांग्रेस का हाथ, पुष्कर सिंह तोमर ने कमलनाथ की सभा में ली सदस्यता
सतना 27 जून: बीते कई दिनों से चल रही राजनीतिक उलटफेर की हालचाल अब सामने आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाथ सतना नगर निगम के पूर्व महापौर पुष्कर सिंह तोमर ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। बताते चलें की पुष्कर सिंह तोमर ने टिकट वितरण से नाराज होकर पिछले दिनों बीएसपी से इस्तीफा दे दिया था। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि वे निकाय चुनाव के इस दौर में बीएसपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

27 जुलाई को सतना महापौर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए पूर्व मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंच कर पुष्कर पुष्कर सिंह तोमर ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

तोमर ने बीजेपी को लिया निशाने पर
मंच से पुष्कर सिंह तोमर ने बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, बीजेपी भ्रम फैलाती है, मैं भी बीजेपी के भ्रम में पड़ा रहा लेकिन अब किसी तरह उससे बाहर निकल कर यहां पहुंचा हूं। पुष्कर सिंह तोमर ने कहा कि बीजेपी ने खुद कैलाश विजयवर्गीय, कृष्णमुरारी मोघे को विधायक रहते महापौर बनाया लेकिन अब यह पूछ रही है कि सतना में विधायक को मेयर का टिकट क्यों दिया?

बीजेपी , बीएसपी में इन पदों पर रह चुके हैं पुष्कर
पुष्कर सिंह तोमर बीजेपी के जिला महामंत्री रहे हैं। कई बार पार्षद रह चुके तोमर ने 2014 में बीएसपी के टिकट पर महापौर पद का चुनाव लड़ा था और विजय हासिल की थी।हालांकि बाद में उन्हें बीजेपी में वापसी करनी पड़ी थी लेकिन वे वहां ज्यादा दिनों तक नहीं रहे। 2018 के विधानसभा चुनाव में तोमर ने फिर बीएसपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। लेकिन चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। तभी से पुष्कर ने राजनीति से दूरी बना ली थी। इस बार सतना नगर निगम चुनाव का ऐलान होने के बाद से ही वे फिर सुर्खियों में आये और आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाथों कांग्रेस में शामिल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications