MP News: भोपाल में नवविवाहिता डॉक्टर की संदिग्ध मौत, हाथ में मिले इंजेक्शन के निशान, पुलिस जांच में जुटी
Bhopal News: शाहपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। नवविवाहिता डॉक्टर रिचा पांडे (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
डॉक्टर रिचा की मौत के बाद उनके पति डॉ. अभिजीत पांडे ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन जब तक रिचा को बंसल अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार महीने पहले हुई थी शादी
रिचा और अभिजीत दोनों ही डॉक्टर थे और शाहपुरा की एक कवर्ड कॉलोनी में रहते थे। रिचा की शादी को महज चार महीने ही हुए थे। अभिजीत एमपी नगर में निजी क्लिनिक चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10 बजे जब वह सोकर उठे, तो रिचा बेसुध हालत में मिलीं। आवाज देने और हिलाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस बुलाई।
इंजेक्शन के निशान से बढ़ी रहस्य की परतें
शाहपुरा थाना पुलिस को जब मामले की सूचना मिली और टीम मौके पर पहुंची, तो रिचा के हाथ पर इंजेक्शन के निशान पाए गए। एएसआई महेंद्र चौकसे ने बताया, "यह निशान मामले को संदिग्ध बना रहा है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।"
ससुराल और मायके पक्ष से पूछताछ जारी
पुलिस ने पति डॉ. अभिजीत पांडे से गहन पूछताछ शुरू कर दी है और रिचा के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। कॉलोनी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
स्थानीय लोगों में चर्चा, सदमे में परिवार
घटना के बाद कॉलोनी में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। एक पड़ोसी ने कहा, "रिचा हमेशा मुस्कुराती रहती थी। शादी के बाद दोनों खुश लगते थे। समझ नहीं आ रहा कि ये सब कैसे हो गया।" वहीं कुछ लोग इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं तो कुछ लोग इसे हत्या की आशंका से जोड़ रहे हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं निगाहें
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही यह तय हो पाएगा कि रिचा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
जब तक इस रहस्य से पर्दा नहीं उठता, शाहपुरा में एक ही सवाल गूंज रहा है- आखिर डॉक्टर रिचा की मौत का सच क्या है?












Click it and Unblock the Notifications