कोरोना काल में एक लाख 44 हजार लोगों को मुहैया करवाया रोजगार, आत्मनिर्भर बना रहा मध्य प्रदेश
भोपाल। मध्य प्रदेश की सरकार 'आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश योजना' के तहत युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवा रही है। इसी सिलसिले में मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने 20 जनवरी को प्रदेशभर में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया।

एक लाख 44 हजार लोगों को रोजगार दिया
प्रदेश स्तरीय रोजगार उत्सव भोपाल के मिंटो हाल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी शिरकत की। उन्होंने रोजगार प्राप्त युवाओं व नियोक्ताओं से वर्चुअल संवाद भी किया। सीएम चौहान ने कहा कि भोपाल में 'आत्म निर्भार भारत' पहल के तहत रोज़गार उत्सव का शुभारंभ किया गया। कोरोना महामारी के काल में हमने रोजगार सेतु पोर्टल लांच किया। एक लाख 44 हजार लोगों को अलग अलग सेक्टरों में रोजगार भी मुहैया करवाया है।

बैंकों से लोन उपलब्ध करवाकर रोजगार से जोड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सबसे ज्यादा 60 हजार स्वरोजगार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने उपलब्ध कराए हैं। जबकि श्रम विभाग की योजनाओं के तहत 44,645 लोगों को बैंकों से लोन उपलब्ध करवाकर रोजगार से जोड़ा है। रोजगार संचालनालय में रजिस्टर्ड 26018 लोगों को काम मिला। इसके अलावा कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, ग्लोबल स्किल्स पार्क सिटी कैंपस, नगरीय विकास एवं आवास, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, आदिम जाति कल्याण तथा वन विभाग ने रोजगार उपलब्ध कराया है।

धार जिले में सबसे ज्यादा रोजगार
बता दें कि दावा किया गया है कि मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों से प्रदेश में सबसे ज्यादा आदिवासी जिले धार में 9796 लोगों को काम मिला है। जबकि शाजापुर में सबसे कम संख्या 913 बताई गई है। महानगरों की बात करें तो भोपाल मे 4591, इंदौर में 3887, ग्वालियर में 2659 व जबलपुर में 2481 लोगों को रोजगार मिला।












Click it and Unblock the Notifications