साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर बोलीं-3 बार माफ करूंगी फिर चुप नहीं बैठूंगी, अपनी हद में रहें मंत्री गोविन्द सिंह
Bhopal News in Hindi, भोपाल। लोकसभा चुनाव 2019 में 4 चरणों का मतदान पूर्ण हो चुका है। पांचवें चरण का मतदान 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग होनी है। इस बीच जिन लोकसभा सीटों पर मतदान शेष है, वहां चुनाव प्रचार परवान पर होने के साथ-साथ बयानबाजी का दौर भी जारी है। प्रत्याशी और उनके समर्थक एक-दूसरे पर सियासी हमले करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने दी मंत्री गोविन्द्र को चेतावनी
इसी कड़ी में मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के मंत्री गोविन्द सिंह का नाम भी शामिल हो गया है। गोविन्द सिंह ने भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह को लेकर ऐसी बात कह डाली, जिससे वे गुस्सा हो गईं और अब साध्वी ने मंत्री को चेतावनी दी है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कमलनाथ सरकार के मंत्री गोविन्द सिंह को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि तीन बार की गलती माफ़ है। अब अति हो चुकी है, उन्हें चेतावनी देती हूं कि अब बर्दाश्त नहीं होगा।

RSS ने उसका ब्रेनवॉश कर बिगाड़ दिया-गोविन्द सिंह
दरअसल, कमलनाथ सरकार में मंत्री गोविंद सिंह ने कहा था कि प्रज्ञा ठाकुर लहार की सीधी-साधी लड़की थी। आरएसएस ने उसका ब्रेनवॉश कर बिगाड़ दिया। जैसे लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर बेहद नाराज नजर आ रही हैं। प्रज्ञा ने कहा कि गोविंद सिंह को मेरे पिता ने ऊँगली पकड़कर मंच पर बैठाना सिखाया। राजनीति क्या होती है उन्हें मेरे पिता ने ही सिखाई, मैं तीन बार माफ़ करती हूँ उसके बाद मैं चुप नहीं बैठूंगी। वो अपनी हद में रहे अन्यथा बर्दाश्त नहीं होगा। आपको बता दें कि गोविंद सिंह और प्रज्ञा ठाकुर दोनों ही भिंड जिले की लहार तहसील के रहने वाले हैं और दोनों के परिवारों के बीच मधुर सम्बन्ध भी रहे हैं, लेकिन चुनावी मौसम में बयानबाजी खटास डाल रही है।

इधर, प्रज्ञा ने बुर्का पर प्रतिबंध की मांग को सही ठहराया
भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने श्रीलंका की तरह भारत में भी मुस्लिम महिलाओं के बुर्का पहनने पर रोक लगाने की मांग की है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के हिसाब से फैसला लिया जाना चाहिए।

शिवसेना की मांग का किया समर्थन
पिछले दिनों श्रीलंका में चर्चों पर हुए आतंकी हमले के बाद वहां सरकार ने महिलाओं के बुर्का पहनने पर बैन लगा दिया है। अब यह मांग भारत में भी उठने लगी है। इस मामले में भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के हिसाब से फैसला लिया जाना चाहिए।

भाजपा के अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं में गुस्सा
उन्होंने कहा कि ये वो भी जानते हैं कि ऐसी किसी घटना से उनका पंथ बदनाम होता है, इसलिए वो स्वयं फैसला लें तो बेहतर होगा। एयरपोर्ट पर जांच होती है तो धर्म आड़े नहीं आता। वहीं दूसरी तरफ प्रज्ञा के बयान के साइड इफ़ेक्ट भी देखने को मिलने लगे हैं। नरेला विधानसभा क्षेत्र के कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। ये सभी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के हैं और साध्वी प्रज्ञा सिंह के बयान से नाराज थे। इसलिए अब उन्होंने फैसला लिया कि अल्पसंख्यक वर्ग अब कांग्रेस के लिए काम करेगा।












Click it and Unblock the Notifications