Bhopal News: प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा व्यवस्था की रिहर्सल, सुरक्षा में तैनात होंगे 30 IPS और 5 हजार जवान
राजधानी भोपाल में पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षाकर्मियों द्वारा रिहर्सल की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भोपाल पुलिस और प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज दोपहर को सुरक्षा व्यवस्थाओं को चेक करने के लिए रिहर्सल की गई। पीएम मोदी की सुरक्षा में प्रदेश भर के 30 से ज्यादा आईपीएस और 5000 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएम की सुरक्षा में तैनात रहने वाली एसपीजी एमपी एटीएस, सेंट्रल पैरामिलेट्री फोर्स, हॉक फोर्स और खुफिया एजेंसियां भी तैनात रहेंगी। इस संबंध में भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने कल रात पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई और जरूरी दिशा निर्देश दिए।
पीएम नरेंद्र मोदी का 1 अप्रैल को भोपाल दौरा प्रस्तावित है इसे लेकर राजधानी के चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। स्टेट हैंगर, लाल परेड ग्राउंड, कुशाभाऊ ठाकरे सभागार और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन समेत पीएम मोदी का काफिला गुजरने वाले रोड पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पीएम नरेंद्र मोदी 1 अप्रैल की सुबह 10:00 बजे भोपाल पहुंचेंगे और करीब 6 घंटे अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद शाम 4:00 बजे दिल्ली रवाना होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भोपाल में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा की व्यवस्था की कमान भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र को दी गई है। इसके अलावा एसपीजी ही सभी सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रदेश के अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
बदला रहेगा कई इलाकों का ट्रैफिक
पीएम नरेंद्र मोदी भोपाल में आयोजित होने वाले अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान पीएम से मिलने वालों का पहले ही कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अफसरों का भी आरटीपीसीआर टेस्ट कराना होगा। 1 अप्रैल को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम स्थलों के आसपास ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications