MP News: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग कर रोके जाने का लगाया आरोप
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को एक बयान जारी कर प्रदेशभर से भोपाल पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस और प्रशासन द्वारा किए जा रहे बैरिकेडिंग के खिलाफ अपनी चिंता जाहिर की।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन करना चाहती है, और उनकी पार्टी का उद्देश्य सिर्फ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना है।

पीसीसी चीफ ने कहा, "मध्य प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन द्वारा उन्हें बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की जा रही है। हम शांतिपूर्वक तरीके से अपना विरोध दर्ज करना चाहते हैं। मेरा आग्रह है कि प्रशासन उन्हें धरना स्थल तक पहुंचने दे, ताकि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का सही उपयोग कर सकें।"
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और राज्य के पुलिस महानिदेशक से भी अपील की है कि वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी आवाज उठाने का अवसर प्रदान करें और इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा न डालें। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन सरकार की नीतियों के खिलाफ है, और पार्टी का कहना है कि उनके अधिकारों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications