शाहरुख खान की फिल्म "पठान" का भोपाल में विरोध शुरू, हिंदू संगठनों ने सिनेमा हॉल में लगे पोस्टर फाड़े
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म पठान के रिलीज होने पर राजधानी भोपाल में बवाल शुरू हो गया है। बजरंग दल और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पठान मूवी के विरोध में सड़क पर उतर आए। सिनेमा हॉल पहुंचकर फिल्म के पोस्टर फाड़े।

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान सिनेमाघरों में आज रिलीज हो गई, लेकिन राजधानी भोपाल में फिल्म के रिलीज होते ही हंगामा शुरू हो गया। रंग महल टॉकीज पर हिंदू संगठनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर 11 बजे हिंदू संगठनों के लोग रंग महल टॉकीज पर पहुंच गए और शाहरुख खान की मूवी के पोस्टर फाड़ने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में बजरंग दल और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए। अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ नारे लगाने लगे और टॉकीज संचालक को धमकी देने लगे। बता दे कुछ सिनेमा संचालकों ने विरोध के चलते शो रद्द कर दिए है। सिनेमा हॉल पर लगा फिल्म का पोस्टर भी हटा दिया है।

फिल्म के पोस्टर भी फाड़े
भोपाल में भी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ना सिर्फ फिल्म के पोस्टर फाड़े बल्कि रंग महल और संगीत टॉकीज के अंदर घुसकर जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने फिल्म देखने आए लोगों को टॉकीज के अंदर से निकाल कर भगा दिया। इसके बाद उन्होंने टॉकीज के बाहर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। हिंदूवादी संगठनों के विरोध के चलते सिनेमा हॉल संचालकों ने फिलहाल फिल्म के शो रद्द करते हुए फिल्म के पोस्टर हटा दिए हैं। उधर जिन लोगों ने एडवांस बुकिंग कराई थी और मूवी देखने सिनेमा हॉल पहुंचे थे उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। दर्शक अपने टिकट का पैसा वापस मांगने के लिए डिमांड कर रहे हैं। हिंदू संगठन के नेता जितेन सिंह चौहान ने बताया कि सुबह 11:30 बजे सभी ठाकुरों के बाहर प्रदर्शन शुरू किया गया।

बेशर्म रंग गाने से शुरू हुआ था विवाद
पठान मूवी का ट्रेलर रिलीज होने के बाद "बेशर्म रंग" गाने में दीपिका पादुकोण के भगवा बिकिनी पहनने को लेकर बवाल शुरू हुआ था। सबसे पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बेशर्म रंग गाने में दीपिका पादुकोण के भगवा बिकनी पहनने को लेकर चेतावनी दी थी कि मूवी के दृश्य नहीं सुधारे गए तो मध्यप्रदेश में फिल्म को रिलीज नहीं होने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद पूरे देश में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

भोपाल के इन सिनेमा हॉल में फिल्म को रिलीज किया गया
बता दे राजधानी भोपाल के सभी मल्टीप्लेक्स के अलावा पठान मूवी को ज्योति टॉकीज, राज टॉकीज, भारत, रंग महल, अल्पना, मुस्कान, संगम, संगीत, सहित सीहोर, विदिशा, आष्टा के आसपास के इलाकों के सिनेमा हॉल में भी रिलीज किया गया है। फिलहाल अन्य जगहों से अभी विरोध की खबरें सामने नहीं आई है। भोपाल के रंग महल टॉकीज में फिलहाल अभी शो को रद्द कर दिया गया है।

फिल्म की रिलीज पर बयान देने से बीजेपी नेताओं किया मना
पठान फिल्म के रिलीज होने के बाद मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल ने इस पर बोलने से मना कर दिया। वही मंत्री उषा ठाकुर ने भी इस पर कुछ रिएक्शन देने से मना कर दिया। कृषि मंत्री कमल पटेल ने तो मीडिया से यहां तक कह दिया कि मेरे दुश्मन हो क्या? बता दें कि बेशर्म रंग गाने को लेकर कृषि मंत्री कमल पटेल और केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल ने भी बयान दिए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समझाइश के बाद प्रदेश का कोई भी नेता अब इन विवादों में नहीं पड़ना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications