MP में क्लास वन ऑफिसर OSD संजय जैन बर्खास्त, रिश्वतखोरों पर सीएम की सख्ती, Audio Viral हुआ था
एमपी के उच्च शिक्षा विभाग में पदस्थ ओएसडी संजय जैन को सरकार ने बर्खास्त कर दिया है। कुछ समय पहले उनका रिश्वत डिमांड का एक ऑडियो वायरल हुआ था।

OSD Sanjay Jain sacked: एमपी में शिवराज सरकार ने क्लास वन ऑफिसर संजय जैन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उच्च शिक्षा विभाग में पदस्थ ओएसडी जैन को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। आरोप है कि जैन ने एक आवेदक से रिश्वत की डिमांड की थी।
दरअसल निशांत नाम के एक व्यक्ति ने उच्च शिक्षा विभाग में अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। इसके एवज में विभाग में पहले तो टाल-मटोल की जाती रही। बाद में जैन पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत डिमांड करने का आरोप लगा था।
आवेदक और संजय जैन दोनों की बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ था। जब बवाल मचा और मामला सीएम शिवराज तक पहुंचा तो मामले की जांच के निर्देश दिए गए। शुरूआती जांच में जब आरोप सही पाए गए तो जैन को सस्पेंड कर दिया गया था।
इसके बाद सीएम शिवराज ने दो महीने पहले विभागीय जांच के निर्देश भी जारी किए थे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लिया गया। इसके बाद संजय जैन को शासकीय सेवा से बर्खास्त करने का बड़ा फैसला लिया गया।
ख़ास बात यह है कि एमपी सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई भी कोताही नहीं बरत रही है। प्रमाणों के साथ जो भी शिकायतें पहुंच रही है, उन पर जीरो टॉलरेंस के फॉर्मूले पर एक्शन लिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 15 मार्च के बाद भ्रष्टाचार के 75 मामलों में 119 शासकीय सेवकों के विरुद्ध अभियोग चलाने की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज खुद शासकीय अधिकारियों की बैठकों और भरी जन सभाओं में इस बात जिक्र करते रहते है कि सूबे में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन पर कार्रवाई के लिए लोकायुक्त जैसी विंग नजर रखे है। अलग से जो शिकायतें पहुंचती है, उन पर कड़े एक्शन लेने के निर्देश है। इसी सख्ती का नतीजा है कि लोकायुक्त विभाग में भी शिकायतों की संख्या की वृद्धि हुई है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications