Bhopal News: दिग्विजय सिंह भोपाल का मैदान छोड़कर राजगढ़ चुनाव लड़ने चले गए- CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पूर्व सीएम पर निशाने साधते हुए कहा कि भोपाल से दिग्विजय सिंह मैदान छोड़कर राजगढ़ चले गए। वहां भी वह चुनाव जीतने के लिए 400 लोगों को इकट्ठा कर रहे हैं,लेकिन वहां भी वह हार जाएंगे। प्रदेश की खस्ता हालत बनाने में मिस्टर बंटाधार दिग्वजिय सिंह का हाथ रहा है।
शिवराज सिंह ने सत्ता संभालने के बाद प्रदेश को बीमारू से विकसित राज्य बनाया। हम पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को नंबर वन राज्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। डॉ यादव ने कहा कि पुरानी योजनाओं को बंद नहीं किया जाएगा और प्रदेश के विकास के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ नहीं समस्या है
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ नहीं समस्या बन गई है। यहां केवल एक ही परिवार चुनाव लड़ता रहा,लेकिन इस बार छिंदवाड़ा की जनता ने तय कर लिया है कि बाहरी को बाहर करेंगे और स्थानीय को चुनाव जिताएंगे। डॉ यादव ने कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर का हमेशा विरोध किया, भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया, अब जीत के लिए दुआ मांग रहे है। कहते हैं कि राम मंदिर में हमने भी चंदा दिया। चंदे का धंधा कांग्रेस का रहा है। कांग्रेस का पतन कोई नहीं कर रहा,बल्कि कांग्रेस खुद अपने पतन के लिए जिम्मेदार है।
हमारी पार्टी में बुद्धिजीवी लोग आ रहे हैं
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारी पार्टी में राजनीतिक सुचिता अहम है। पार्टी में बुद्धिजीवी और अच्छे लोग आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश का विकास करना चाहते हैं। जिन्होंने आज पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विकास की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है उन सभी के अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के सपने को पूरा किया जाएगा। हम सब मिलकर लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटें जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करेंगे, ताकि सन 2047 तक भारत विश्व गुरू बन सके।

बता दे आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में सागर जिले के सुरखी से कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व विधायक पारूल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष छिंदवाड़ा अमित सक्सेना, यादव महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह यादव, वरिष्ठ पत्रकार कृष्णा यादव बिट्टू, डॉ प्रतीभा राजगोपाल, जनपद सदस्य गैरतगंज रिजवान खान, जनपद सदस्य बेगमगंज वीरेन्द्र सिंह यादव, जनपद सदस्य गैरतगंज दीपक धाकड़, जनपद सदस्य बेगमगंज सुरेश, देवेंद्र ने भाजपा का दामन थामा।
इसके अलावा पूर्व प्रदेश प्रतिनिधि कांग्रेस कमेटी वीरेंद्र सिंह यादव, मध्य प्रदेश पुलिस कर्माचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष बल्लू यादव, रायसेन पसमांदा मुस्लिम समाज जिलाध्यक्ष अफरोज अली, बेगमगंज युवा कांग्रेस ब्लॉक पूर्व अध्यक्ष संदीप यादव, शासकीय महाविद्यालय छिंदवाड़ा पूर्व अध्यक्ष शाहिद खान सहित 500 से अधिक सरपंच, सरपंच प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सभी का स्वागत किया।











Click it and Unblock the Notifications