केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने मंत्रालय में अधिकारियों की ली क्लास,नमामि गंगे पर जवाब नहीं दे पाए अफसर
राजधानी भोपाल पहुंची केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंत्रालय में प्रदेश के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री ने अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने जब केंद्रीय प्रोजेक्ट को लेकर अधिकारियों से सवाल पूछा तो कई अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। दरअसल सीतारमण ने नमामि गंगे प्रोजेक्ट को लेकर अधिकारियों से सवाल पूछा था। लेकिन अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद वित्तमंत्री ने तुरंत अपने स्टाफ से दिल्ली फोन लगाकर जानकारी लेने को कहा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को मंत्रालय में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharama) को राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सीतारमण ने वित्त विभाग के अधिकारियों और निर्माण से जुड़े महकमों के अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मध्यप्रदेश में नमामि गंगे योजना से एक प्रोजेक्ट मंजूर हुआ। उसके बारे में बताएं। सूत्रों के अनुसार वित्त मंत्री के सवाल पर अधिकारियों ने कहा मध्यप्रदेश से गंगा नहीं निकलती और कोई प्रोजेक्ट नहीं मिला। जवाब सुनकर सीतारमण ने अपने स्टाफ से कहा कि दिल्ली पूछकर बताओ। 5 मिनट बाद ही उन्होंने मध्यप्रदेश के अधिकारियों को बता दिया कि ग्वालियर में मुरार नदी को नमामि गंगे योजना से 39.24 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इस दौरान वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित वित्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
मप्र में वित्तीय और लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन क्षेत्र में किये जा रहे प्रयास सराहनीय
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि मध्यप्रदेश में वित्तीय और लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन (पीएएम) के क्षेत्र में किये जा रहे प्रयास सराहनीय है। राज्य की जीएसडीपी की वृद्धि दर विगत 10 वर्षों में राष्ट्रीय जीडीपी वृद्धि दर से अधिक रही है। वर्ष 2021-22 में मध्यप्रदेश की आर्थिक वृद्धि दर 19.74 प्रतिशत रही, जो देश में सर्वाधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2025 तक देश की अर्थ-व्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर पहुंचाने के लक्ष्य की पूर्ति की दिशा में भी मध्यप्रदेश के प्रयास सराहनीय हैं।