MP News: मध्य प्रदेश में मौसम का हाल, शिप्रा किनारे मंदिरों में घुसा पानी, अगले चार दिन हैवी रेन का अलर्ट नहीं
मध्य प्रदेश में गुरुवार को हल्की बारिश का दौर जारी रहा। छतरपुर के खजुराहो में 1 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जबकि ग्वालियर में आधा इंच से अधिक पानी गिरा।
भोपाल, जबलपुर, दतिया, इंदौर, श्योपुर, उज्जैन, मंडला, रीवा, टीकमगढ़, उमरिया और बालाघाट में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। राजगढ़ और श्योपुर में तेज बारिश ने मौसम को और ठंडा कर दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की विदाई के दौरान प्रदेश में एक और तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। हालांकि, अगले चार दिनों तक भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। भोपाल, जबलपुर समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इस मानसूनी सीजन में अब तक औसत 42.7 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य कोटे से 7 इंच ज्यादा है।
उज्जैन में शिप्रा नदी में बाढ़, रामघाट के मंदिरों में पानी
बुधवार शाम से देर रात तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर और नर्मदापुरम समेत 25 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। उज्जैन में शिप्रा नदी में बाढ़ के कारण रामघाट के मंदिरों में पानी घुस गया। भोपाल में सड़कों पर जाम की स्थिति बनी। बैतूल के मुलताई में लोगों के घरों में पानी भर गया। सिवनी में संजय सरोवर बांध के चार गेट खोलने पड़े, जबकि पांढुर्णा में जाम नदी में बाढ़ आ गई।
बारिश का आंकड़ा
- भोपाल: 2.5 इंच
- शाजापुर: 2.1 इंच
- इंदौर: 2 इंच
- उमरिया: 1.9 इंच
- उज्जैन-सिवनी: 1.8 इंच
- रीवा: 1.6 इंच
- टीकमगढ़: 1.3 इंच
इंदौर में दुखद हादसा: नाले में बहे बच्चे की मौत
इंदौर के ओमेक्स सिटी के पास बुधवार रात 8 साल का बच्चा राजवीर मालवीय नाले में बह गया। राजवीर के पिता राजपाल मालवीय उसे घर के पास एक ओटले पर छोड़कर वाहन पार्क करने गए थे। 10 मिनट बाद लौटने पर राजवीर वहां नहीं मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। लसूडिया पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तेज बारिश और बहाव के कारण रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। गुरुवार सुबह 5 बजे शुरू हुए सर्च ऑपरेशन में सुबह 9 बजे राजवीर का शव नाले से बरामद हुआ।
भोपाल में भदभदा डैम के गेट खुले
भोपाल में बुधवार शाम 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक महज 4 घंटे में 2.5 इंच बारिश दर्ज की गई। इससे बड़ा तालाब लबालब भर गया, जिसके चलते रात में भदभदा डैम का एक गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। इस मानसून सीजन में यह चौथी बार है जब डैम का गेट खोला गया।
आने वाले दिनों का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना कम है। मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी और छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications