MP: चोरी करना पड़ा महंगा, पिंजरे में फंसा चोर, एसी के होल से निकलने की करता रहा कोशिश
उमरिया, 11 जुलाई। एक चोर चोरी करने के लिए दफ्तर में घुसा उसने रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम भी दिया लेकिन निकल पाता इससे पहले ही एक जालीदार पिंजरे में ऐसा फंसा कि अब जेल के सलाखों के पीछे पहुंच गया। चोर को चोरी करना महंगा पड़ने का ये मामला उमरिया के नोरोजाबाद साइडिंग का है जहां ऑफिस में एसी लगाने के लिए दीवार में बनाए गए छेद से निकलने के चक्कर में चोर लोहे की जाली और दीवार के बीच में फंस गया। जब सुबह कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो चोर को पिंजरे में फंसा देख दंग रह गए और पुलिस को सूचना दी।

पिंजरे में फंसा चोर
नौरोजाबाद की रेलवे कोल साइडिंग पहुंच कर पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर लिया है। चोर चोरी करने के इरादे से ऑफिस में घुसा हुआ था और चोरी करने के बाद निकलने के लिए उसने ऑफिस में एसी लगाने के लिए बनाए गए छेद का सहारा लिया। लेकिन चोर को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस छेद से वो बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है वो उसे सीधे जेल की कालकोठरी तक पहुंचा देगी। जैसे ही चोर छेद के जरिए दीवार से होते हुए बाहर निकला तो देखा कि छेद के बाहर लोहे की जाली लगी हुई थी। क्योंकि चोर शराब के नशे में भी था और छेद में इतनी जगह नहीं थी कि चोर वापस निकाल पाता लिहाजा वहीं जाली के पिंजरे में फंस कर रह गया।

सुबह जब ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे तो चोर को एसी लगाने वाले पिंजरे में फंसा देख दंग रह गए। जिसके बाद पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को पिंजरे से निकालकर पकड़कर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि चोर रातभर पिंजरे में ही फंसा रहा उसने निकलने की काफी मशक्कत की लेकिन वो कामयाब नहीं हो सका। इतना ही नहीं जब ऑफिस के कर्मचारी पहुंचे तो चोर उनसे भी बाहर निकालने की गुहार लगा रहा था। चोर का नाम संदीप उर्फ चिंटू प्रजापति बताया गया है जो कि नौरौजाबाद का ही रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार
इस चोर का नाम संदीप उर्फ चिंटू प्रजापति बताया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी की बैटरी भी जब्त की है। इस घटना में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पक़ड़ा गया आरोपित पहले भी इस तरह की चोरियों को अंजाम दे चुका है और कई चोरी कर चुका है। बताया गया है कि देर रात के समय वह तोल घर के कमरे में घुस गया था जहां बंद हो गया। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि उसे बाहर से सुरक्षाकर्मियों ने बंद किया था।












Click it and Unblock the Notifications