मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पूर्व सीएम कमलनाथ को नसीहत, इस संकट काल में फैलाएं सकारात्मकता
भोपाल, 7 मई। मध्य प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ को नसीहत देते हुए कहा कि मैं कई दिन से कमलनाथ के ट्वीट और स्टेटमेंट देख रहा हूं। जिस तरह से कमलनाथ इस वैश्विक महामारी में नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं।। यह उनके भारतीय होने पर शक पैदा करता है।

यह सच है कि ये विपक्ष के नेता का काम हो सकता है, लेकिन क्या कभी भारतीय होने के नाते कमलनाथ या उनका राष्ट्रीय नेतृत्व जनता को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित नहीं कर सकता, कमी बताना ठीक बात है पर क्या कभी जनता को वैक्सीन के लिए प्रेरित नहीं करना चाहिए। क्या कभी पीड़ित मानव सेवा के लिए हमें उनके बीच नहीं जाना चाहिए, मुझे लगता है कि कमलनाथ को इस पर एक बार फिर से विचार करना चाहिए।
लोगों को भी अच्छा लगता अगर विपक्ष वैक्सीन के लिए प्रेरित और लोगों की सेवा के लिए हमारे साथ खड़ा होता और रिकवरी के बारे में लोगों को बताकर सकारात्मकता फैलाते तो विपक्ष के प्रति जनता का नजरिया बदल जाता। जहां तक कमलनाथ के चार लाख रुपए सहायता देने की बात है तो वह अपने राष्ट्रीय नेतृत्व से कहकर कांग्रेसी राज्यों से इस योजना को लागू करवाते तो आपकी बात दल गत राजनीति से उपर मानी जाती। विपक्ष के लिए हमेशा नेगेटिव बातें करना ठीक नहीं है।
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सीएम चौहान द्वारा गरीबों के लिए कोरोना मरीजों के लिए निशुल्क इलाज की सेवा चालू की गई है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर है। मध्य प्रदेश सरकार आयुष्मान भारत योजना के सहयोग से प्रदेश के गरीब और आम आदमी का इलाज निशुल्क निजी अस्पतालों में करवाएगी। मध्य प्रदेश के 579 निजी अस्पतालों में अब गरीब निशुल्क इलाज करवा सकेंगे। आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश में दो करोड़ 42 लाख कार्ड हैं। 96 लाख परिवार को इसका लाभ होगा। प्रदेश की 88 फीसदी जनता अब निशुल्क इलाज योजना का लाभ उठा सकेगी।
आयुष्मान के पैकेज में प्रदेश सरकार ने 40 फीसदी राशि अतिरिक्त रूप से दी है। इसके बाद अब कोई भी निजी अस्पताल गरीबों से इलाज का पैसा नहीं ले सकेगा। गरीबों का इलाज भोजन, आॅक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन व सिटी स्कैन समेत अन्य सभी सुविधाएं भी इस योजना के तहत निशुल्क मिलेंगी। एमपी में कोरोना वायरस का संक्रमण की स्थिति में धीरे धीरे सुधार आता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 12 हजार 421 नए केस सामने आए हैं जबकि इसके विपरीत 12 हजार 965 लोग ठीक होकर घर चले गए हैं। इसका मतलब है कि हमारा रिकवरी रेट बढ़ रहा है। आॅक्सीजन सपोर्ट वाले बेड में भी दो फीसदी की कमी आई है। अब अस्पतालों में बेड भी आसानी से मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications