MP विधानसभा चुनाव 2023: कांग्रेस-बीजेपी को चुनौती देगी आप, सिंधिया के गढ़ से लगाएगी सेंध
भोपाल, 19 अगस्त। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव वर्षा 2023 को लेकर भाजपा-कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। दोनों पार्टियों में चुनाव रणनीति बनाकर जिम्मेदारियां बांटी जा रही हैं। दो प्रमुख दलों के अलावा मध्यप्रदेश में अब आम आदमी पार्टी भी पूरे दमखम से चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।

हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की जोरदार एंट्री से संगठन उत्साहित है। पार्टी को उम्मीद से ज्यादा पार्षद और महापौर की सीट मिलने को प्रदेश में जोरदार एंट्री माना जा रहा है। इसीलिए अब आम आदमी पार्टी ने एमपी में संगठन को बढ़ाने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव है। इसके लिए आप पार्टी अब प्रदेश के दिग्गजों के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी कर रही है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि पार्टी ने एमपी में निकाय चुनावों से धमाकेदार एंट्री की है। इससे यह तय हो गया है कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस को छोड़कर तीसरा विकल्प चाह रही है। दोनों पार्टियों ने प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार किया है ऊपर से महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ कर रख दी है।
एमपी में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में आप पार्टी सभी 230 विधानसभा सीटों में अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी और भाजपा- कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के गढ़ में खासी तैयारी की जा रही है जिससे दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर दिग्गजों को उनके घर में ही घेरा जा सके। आम आदमी पार्टी ने ग्वालियर की सीटों पर भी फोकस कर रणनीति तैयारी की है।












Click it and Unblock the Notifications